एशियाड: कबड्डी में भारत को दोहरा सोना
२६ नवम्बर २०१०
यह पहली बार है जब एशियाई खेलों में महिला कबड्डी को शामिल किया गया और भारतीय महिलाओं ने उसमें बाजी मार ली. हाफ टाइम तक भारत ने थाईलैंड से 17-7 की बढ़त ले रखी थी. शुरुआती हाफ में भारत को दो बोनस प्वाइंट भी मिले. दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अपना दबदबा कायम रखा और स्कोर को 28-14 तक पहुंचा दिया जो उसे गोल्ड मेडल दिलाने के लिए पर्याप्त साबित हुआ.
सेमीफाइनल में ईरान की मजबूत टीम को पटखनी देने के बाद भारत ने अपना विजयी सफर का सिलसिला टूटने नहीं दिया. पहले हाफ की अपेक्षा थाईलैंड की टीम दूसरे हाफ में वापसी को ज्यादा प्रयास करती दिखी लेकिन आखिर में स्कोर और प्रदर्शन का अंतर बड़ा साबित हुआ.
वहीं भारतीय पुरुष टीम ने भी ईरान की चुनौती को दरकिनार करते हुए उसे 37-20 से हरा दिया. यह लगातार छठी बार है जब भारत ने एशियाड में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है. सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष टीम ने जापान को हराया जबकि ईरान पाकिस्तान को हराकर फाइनल में पहुंचा.
ग्वांगजो एशियाड में भारत अब तक 12 स्वर्ण पदक जीत चुका है और पदक तालिका के हिसाब से उसका प्रदर्शन 2006 दोहा एशियाई खेलों से बेहतर हुआ है. वैसे भारत के पास अपने पदकों की संख्या बढ़ाने का मौका अब भी मौजूद है. दोहा एशियाड में भारत ने 10 स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे.
रिपोर्ट: एजेंसियां/एस गौड़
संपादन: ए कुमार