जर्मनी में बनाए गए एक बालू के किले को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सबसे ऊंचे रेत के महल का खिताब मिला है.
तस्वीर: picture-alliance/dpa/J. Büttner
विज्ञापन
नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करने वाला यह बालू का किला जर्मनी के रुएगेन द्वीप पर स्थित बिंत्स में बनाया गया. बाल्टिक सागर में स्थित इस रिजॉर्ट टाउन में कलाकारों ने 17.66 मीटर (यानि 57.94 फीट) ऊंचा किला बनाने में कामयाबी पाई. दो साल पहले उनका ऐसा ही एक प्रयास असफल हो गया था. कई अंतरराष्ट्रीय लोगों की टीम ने पिछले रिकॉर्ड से भी करीब एक मीटर और ऊंचा बालू का किला बनाया. पिछला रिकॉर्ड 16.68 मीटर का था.
कलाकारों की इस टीम ने मई महीने में इसे बनाने का काम शुरु किया था. इसके लिए उन्होंने खुदाई करने वाले औजारों और बालु को उठाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया. इस पूरे ढांचे को बनाने में 11 टन से भी अधिक बालू की खपत हुई.
तस्वीर: picture-alliance/dpa/J. Büttner
किला बनाने के लिए सबसे पहले कोन के आकार का एक बड़ा ढांचा बनाया गया, जिसकी ऊंचाई 27 मीटर थी. फिर इस पर नक्काशी करके कलाकारों ने इसे किले की शक्ल देने का काम शुरु किया. विजयी रहे समूह में नीदरलैंड्स, रूस, हंगरी, लात्विया और पोलैंड के कलाकार थे. इस आयोजन के कर्ताधर्ता थोमास फान डेन डुंगेन की भी किस्मत चमक गई. उन्होंने दो साल पहले जब इसी रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश की थी तो किले को अंतिम रूप देते समय वह ढह गया था.
इस साल 3 नवंबर तक पर्यटक खुद जाकर भी इस बालू के किले को देख सकते हैं. किला वहां चल रही शिल्प प्रदर्शनी का हिस्सा है. इससे पहले गिनीज बुक में जिस बालू के किले ने नाम रिकॉर्ड था, वह भी जर्मनी में ही बनाया गया था. पुराना रिकॉर्ड 2017 में जर्मन शहर डुइसबुर्ग में बनाया गया था.
आरपी/एनआर (एएफपी, डीपीए)
रिकॉर्ड के लिए कुछ भी करेगा
भारत के लोगों को रिकॉर्ड बनाने का बहुत शौक है. चाहे वह कैसा ही रिकॉर्ड हो. एक नजर भारतीयों के नाम दर्ज दिलचस्प रिकॉर्डों पर.
तस्वीर: picture-alliance/dpa/A. Mukherjee
रंगारंग शरीर
टैटू फैशन है, लेकिन इसे गुदवाने में अच्छा खासा दर्द होता है. वैसे 70 साल के गिनीज ऋषि को इन बातों से फर्क नहीं पड़ा. उनके शरीर में सबसे ज्यादा टैटू हैं. 305 झंडे, 185 देशों का मैप, 165 मिनी मैप और 2,985 अक्षरों से उनकी त्वचा रंगारंग है.
तस्वीर: picture-alliance/dpa/A. Mukherjee
सबसे नाखून
श्रीधर चिलाल बाएं हाथ से कुछ नहीं कर पाते, अपने नाखूनों की खातिर. उनके नाम सबसे लंबे नाखूनों का रिकॉर्ड है. उनके सबसे लंबे नाखून की लंबाई 197.8 सेंटीमीटर यानि करीब दो मीटर है. उन्होंने बाएं हाथ के नाखून आखिरी बार 1952 में काटे.
तस्वीर: picture-alliance/dpa/The Asian Age
सबसे बड़ी पगड़ी
सिखों समेत भारत के कई समुदायों के लिए पगड़ी धार्मिक पहचान और सम्मान है. लेकिन अवतार सिंह मौनी अपनी पगड़ी के आकार को लेकर चर्चा में रहे हैं. अवतार सिंह अपने सिर पर बीते 16 साल से 45 किलो की पगड़ी धारण किये हुए हैं.
तस्वीर: Getty Images/AFP/N. Nanu
एक साथ सबसे ज्यादा गांधी
2 अक्टूबर 2015 को गांधी जंयती के मौके पर कई स्कूली बच्चों ने रिकॉर्ड तोड़ने की ठानी. इसके लिए 4,605 बच्चे महात्मा गांधी के भेष में आये. इस दौरान नजारा बेहद मनमोहक था.
तस्वीर: AP
सबसे लंबी मूंछें
दुनिया में फिलहाल भले ही दाढ़ी मूंछ का फैशन हो लेकिन राम सिंह चौहान की मूंछें इस फैशन के परे हैं. 4.29 मीटर (14 फुट) लंबी मूंछों के मालिक राम सिंह के नाम सबसे लंबी मूछों का रिकॉर्ड है. उनकी मूंछ बाकयदा इटली के एक टीवी शो के दौरान नापी गयीं. ( तस्वीर प्रतीकात्मक है)
तस्वीर: PRAKASH SINGH/AFP/Getty Images
गले लगें और निकल लें
जयासिम्हा रविराला के नाम एक घंटे में सबसे ज्यादा गले मिलने के रिकॉर्ड है. आम तौर पर इंसान आत्मीयता के तहत गले लगता है. लेकिन घंटे भर में 2,436 बार गले मिलने वाले रविराला ने लोगों को गले लगाते ही अलग कर दिया. भारतीय वायुसेना के स्वाड्रन लीडर जयासिम्हा के नाम 13 रिकॉर्ड हैं. (तस्वीर प्रतीकात्मक है)
तस्वीर: DW/M. Sileshi
सबसे लंबा डोसा
53 फुट लंबा डोसा बनाकर अहमदाबाद के एक रेस्तरां ने रिकॉर्ड बना डाला. सवा 16 मीटर लंबे डोसे को बनाने में 15 मिनट का समय लगा. डोसे को उठाने के लिए भी कई लोगों को जरूरत पड़ी. (तस्वीर प्रतीकात्मक है)
तस्वीर: Eesha Kheny
नाक से टाइपिंग
रिकॉर्ड बनाने के लिए इंसान क्या क्या कर सकता है, यह मामला इसकी मिसाल है. खुर्शीद हुसैन के नाम नाक से सबसे तेज टाइपिंग का रिकॉर्ड है. उन्होंने 103 अक्षरों वाला एक वाक्य 47.44 सेकेंड में टाइप कर डाला. ऐसा कर खुर्शीद ने एक लड़की का रिकॉर्ड 93 सेकेंड के अंतर से तोड़ दिया.
तस्वीर: Fotolia/Jamiga
कान के सबसे लंबे बाल
आम तौर पर इंसान के कान से बाहर आते बाल बड़े अजीब लगते हैं. लेकिन एंथनी विक्टर को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. रिटायर्ड हेडमास्टर विक्टर के कान के बाल 18.1 सेंटीमीटर लंबे हैं. (तस्वीर प्रतीकात्मक है)
तस्वीर: picture-alliance/dpa/K. Rezac
सेल्फी ही सेल्फी
कोच्चि के फेडरल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में एक साथ सबसे ज्यादा सेल्फी लेने का रिकॉर्ड बना. पूरे कॉलेज के छात्र और स्टाफ मेम्बर एक जगह जमा हुए और एक मिनट के भीतर उन्होंने 1,000 सेल्फी लीं.(तस्वीर प्रतीकात्मक है)