पाकिस्तान के गृह मंत्री के ख़िलाफ़ वारंट
१९ दिसम्बर २००९
पाकिस्तान में नेताओं को भ्रष्टाचार के मामलों में माफ़ी दिए जाने वाले 2007 के अध्यादेश से करीब 8,000 लोगों को राहत पहुंची थी. इनमें देश के गृह मंत्री रहमान मलिक भी शामिल थे लेकिन इस अध्यादेश के रद्द होने के बाद उनकी गिरफ़्तारी का वारंट जारी कर दिया गया है.
कराची की अदालत ने रहमान मलिक के ख़िलाफ़ वारंट उन दो मामलों के अंतर्गत जारी किया है जिन्हें नेशनल रिकॉन्सिलेशन ऑर्डिनेंस (एनआरओ) के चलते रद्द कर दिया गया था. ये मामले पद के दुरुपयोग और एक कॉन्ट्रेक्ट की मंज़ूरी देने के बदले दो कार पाने से जुड़े हैं.
पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को एनआरओ को रद्द कर दिया था और प्रशासन को करीब 250 अधिकारियों और नेताओं के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार और आपराधिक मामले के मामले फिर से शुरू करने का आदेश दिया है.
इनमें राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी, रहमान मलिक और पाकिस्तान के रक्षा मंत्री चौधरी अहमद मुख़्तार भी हैं जिन्हें चीन यात्रा पर जाने से एयरपोर्ट पर रोक दिया गया था. इनके अलावा कई बड़े नेता और अफ़सरों को भी मुक़दमों से राहत मिली थी.
गृह मंत्रालय ने रहमान मलिक का नाम पहले से ही एक्ज़िट कंट्रोल लिस्ट में डाला हुआ है. इस लिस्ट में जिन व्यक्तियों का नाम है उनके विदेश जाने पर रोक लगी हुई है. पाकिस्तान की भ्रष्टाचार निरोधी एजेंसी ने अदालत में एक याचिका दायर कर 19 लोगों के ख़िलाफ़ मामले शुरू करने की इजाज़त मांगी है. इनमें गृह मंत्रालय रहमान मलिक भी शामिल हैं.
पाकिस्तान में इस आदेश के सामने आने के बाद से ही राजनीतिक भूचाल आया हुआ है और राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी से इस्तीफ़े की मांग की जा रही है. हालांकि राष्ट्रपति के सहयोगियों ने स्पष्ट किया है कि ज़रदारी इस्तीफ़ा नहीं देंगे.
नेताओं और अधिकारियों को माफ़ी देने वाला अध्यादेश पूर्व राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के शासनकाल के दौरान आया था. उन पर भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे थे और अब उनका फिर से खुलना ज़रदारी के लिए मुश्किल का सबब बन सकता है.
रिपोर्ट: एजेंसियां/एस गौड़
संपादन: ए जमाल