मुंबई हमलों के संदिग्धों पर आरोप तय
२६ नवम्बर २००९
सूत्रों ने कहा है कि रावलपिंडी की अदियाला जेल में मामले की सुनवाई करने वाले जज मलिक मुहम्मद अकरम आवान ने औपचारिक तौर पर सात संदिग्धों पर आरोप तय किए हैं. सभी आरोपियों ने इसका विरोध किया. पाकिस्तानी अदालत ने मुंबई हमलों को एक साल पूरा होने से ठीक एक दिन पहले ये आरोप तय किए हैं. पिछले साल 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों में 183 लोग मारे गए थे.
सूत्रों का कहना है कि जज ने कुछ अभियुक्तों की ज़मानत की अर्ज़ी को भी ख़ारिज कर दिया. साथ ही 16 लोगों को अपराधी घोषित किया गया है. इनमें क़साब भी शामिल है जो मुंबई हमलों के दौरान गिरफ़्तार इकलौता आतंकी है. हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई दो नौकाओं के चालकदल के सदस्यों को भी अपराधी घोषित किया गया है.
इससे पहले सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान अभियुक्तों की पैरवी कर रहे वकीलों ने मांग की कि मुक़दमे का सामने करने के लिए क़साब को पाकिस्तान लाया जाना चाहिए. उनका कहना है कि चूंकि क़साब मामले में पकड़ा गया इकलौता हमलावर है और भारतीय अधिकारियों के सामने उसने अपना जुर्म क़बूल किया है. ऐसे में वह उनके मुवक्किलों के ख़िलाफ़ पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा तैयार इस केस का मुख्य हिस्सा है, इसलिए उसे पाकिस्तान लाया जाना चाहिए.
रिपोर्टः एजेंसियां/ए कुमार
संपादनः प्रिया एसेलबोर्न