ललित मोदी बने रहेंगे आईपीएल चेयरमैन
१८ दिसम्बर २००९
बीसीसीआई के अध्यक्ष शशांक मनोहर ने कहा कि ललित मोदी बेहतरीन काम कर रहे हैं और वह अगले तीन साल तक अपने पद पर बने रहेंगे. आईपीएल की गवर्निंग बॉडी की बैठक के बाद मीडिया रिपोर्टों से नाराज़ दिख रहे मनोहर ने कहा, "किसी के उपजाऊ दिमाग़ में यह बात आ गई कि मोदी को आईपीएल कमिश्नर के पद से हटाया जा रहा है. यह बात भी आई कि मैं, मेरे सेक्रेटरी और फ़ारुक़ अब्दुल्लाह इस साज़िश के पीछे हैं."
बीसीसीआई प्रमुख ने कहा कि मीडिया में इस तरह की जो भी ख़बरें आ रही हैं, वे बेबुनियाद हैं. मनोहर ने कहा कि ललित मोदी आईपीएल कमिश्नर बेहतरीन काम कर रहे हैं. महासभा ने उन्हें 2012 तक के लिए इस पद पर नियुक्त किया है और उन्हें इस पद से हटाए जाने का कोई सवाल ही नहीं पैदा होता है. उन्होंने कहा कि कुछ चीज़ों में स्थायित्व होना चाहिए और ललित मोदी को इस पद से कोई भी नहीं हटा सकता है.
इससे पहले ललित मोदी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का चुनाव हार गए थे. इस बीच ऐसी रिपोर्टें आने लगीं कि बीसीसीआई उन्हें पद से हटाने की तैयारी कर रहा है और इसके पीछे सचिन एन श्रीनिवासन का भी हाथ है. लेकिन बीसीसीआई प्रमुख ने सामने आकर सभी बातों से इनकार कर दिया.
ललित मोदी की अगुवाई में ट्वेन्टी 20 क्रिकेट का आईपीएल मुक़ाबला बेहद सफल रहा है. अब तक दो बार ये मुक़ाबले खेले गए और दोनों ही बार बेहद लोकप्रिय रहे.
रिपोर्टः पीटीआई/ए जमाल
संपादनः एस गौड़