1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

श्रीलंका की ताबड़तोड़ बैटिंग, दिलशान छाए

१८ दिसम्बर २००९

302 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने महज़ 33 ओवरों में 2 विकेट के नुक़सान पर 198 रन बना लिए हैं. दिलशान ने फिर धमाकेदार बल्लेबाज़ी करते हुए शानदार शतक जड़ा है. भारतीय पारी में कप्तान धोनी की सेंचुरी.

Cricket - Twenty20 World Cup Fina
उम्दा बल्लेबाज़ीतस्वीर: AP

थरांगा और दिलशान ने श्रीलंकाई पारी की शुरुआत करते हुए 13 ओवरों में ही टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया. थरांगा ने 42 गेंदों में 37 रन बनाए जिसमें 5 चौके शामिल थे. थरांगा हरभजन की गेंद पर सहवाग के हाथों कैच आउट हुए. उसके बाद क्रीज़ पर आए संगकारा भी तेज़ खेल लेकिन 21 रनों पर रन आउट हो गए.

लेकिन पारी का आकर्षण रहे दिलशान जिन्होंने 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 114 रन बनाए हैं. राजकोट में भी दिलशान भारत से मैच छीनते नज़र आए थे लेकिन आख़िर में भारत भाग्यशाली साबित हुआ था. इस बार दिलशान का साथ महेला जयवर्धने देने रहे हैं और लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं. जयवर्धने 22 रनों पर हैं.

विराट का अर्धशतकतस्वीर: AP

इससे पहले कप्तान धोनी की बेहतरीन सेंचुरी की मदद से टीम इंडिया ने 301 रन का स्कोर खड़ा कर लिया. शुरुआती झटकों के बाद रैना और सचिन ने भी अच्छी बल्लेबाज़ी की.

वनडे करियर का छठा शतक जड़ते हुए धोनी ने आठ चौके और दो छक्के लगाए. धोनी ने अपने बल्ले से भारत की पारी को संवारा और मुश्किल वक्त में बेहद अहम रन बटोरे.

19 रन पर दो विकेट गिरने के बाद सचिन तेंदुलकर भी बहुत ज़्यादा देर तक क्रीज़ पर नहीं रुक पाए और 81 रन बनते बनते तीसरा विकेट भी गिर गया. इसके बाद कप्तान धोनी ने पारी को अपने बल पर आगे बढ़ाया.

ख़ुद धोनी ने धीमी गति से बल्लेबाज़ी की शुरुआत की और बहुत संभल संभल कर रन जुटाने शुरू किए. युवराज सिंह की जगह टीम इंडिया में शामिल किए गए विराट कोहली ने भी उनका अच्छा साथ दिया. लेकिन इसके बाद सुरेश रैना के विकेट पर आने के बाद तस्वीर बदलने लगी.

तस्वीर: UNI

रैना ने फटाफट रन बटोरने शुरू कर दिए और दूसरी छोर पर कप्तान बल्ला गाड़ कर खड़े हो गए. दोनों ने मिल कर पांचवें विकेट के लिए 126 रन जुटाए. इस दौरान ख़ास तौर पर रैना ने बड़ी तेज़ी से रन जोड़े.

लय में आने के बाद और बाद में टीम की स्थिति बेहतर होने पर कप्तान धोनी ने भी बल्ले का मुंह खोल दिया और रन बरसने लगे. उन्होंने 111 गेंदों पर 107 रन की बेहतरीन पारी खेली. वह आख़िरी ओवर में रांदीव की गेंद पर आउट हो गए.

इससे पहले भारत ने ख़राब शुरुआत की और राजकोट मैच के हीरो वीरेंद्र सहवाग सिर्फ़ चार रन बना कर आउट हो गए. दिल्ली के गौतम गंभीर भी इसकेबाद ज़्यादा देर तक नहीं टिक पाए और रन आउट होकर पैविलियन लौट गए. 19 रन पर दो विकेट गिरने के बाद बाक़ी के बल्लेबाज़ों ने संभल संभल कर पारी बढ़ाई और ज़िम्मेदारी के साथ पारी को आगे बढ़ाया.

सचिन तेंदुलकर ने 52 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि विराट कोहली और सुरेश रैना ने टीम इंडिया की तरफ़ से बेहतरीन अर्धशतक बनाए. निर्धारित 50 ओवर की समाप्ति पर भारत ने सात विकेट के नुक़सान पर 301 रन बना लिए. श्रीलंका को सीरीज़ बराबर करने के लिए अब 302 रन बनाने होंगे. पांच मैचों की वनडे सीरीज़ का पहला मैच भारत ने जीता है.

रिपोर्टः एजेंसियां/ए जमाल

संपादनः एस गौड़

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी को स्किप करें

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें को स्किप करें

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें