1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

भारत में वृक्षारोपण: क्या नए पेड़ पुराने जंगलों की भरपाई कर सकते हैं?

समीरात्मज मिश्र
२४ नवम्बर २०२६

भारत में विकास परियोजनाओं के लिए जंगल काटे जाते हैं और उनकी भरपाई के नाम पर दूसरी जगह पेड़ लगाए जाते हैं, लेकिन CAG की रिपोर्ट ग्रीन इंडिया मिशन की कमजोरियों को उजागर करती है.

जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क
पेड़ लगाए गए, लेकिन जंगल नहीं बने. ग्रीन इंडिया मिशन की हकीकत पर CAG की गंभीर टिप्पणीतस्वीर: Charu Kartikeya/DW

भारत में विकास परियोजनाओं के लिए जब जंगलों को काटा जाता है, तो अक्सर यह दलील दी जाती है कि उनकी भरपाई के लिए दूसरी जगह पेड़ लगाए जाएंगे. सरकारें वृक्षारोपण को पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से लड़ने की एक अहम रणनीति के रूप में पेश करती हैं.

लेकिन क्या कुछ हजार या लाख नए पेड़ लगाकर सदियों पुराने जंगलों की भरपाई की जा सकती है? क्या नए लगाए गए पेड़ किसी प्राकृतिक जंगल की जैव विविधता, जल संरक्षण और पारिस्थितिकी तंत्र को दोबारा खड़ा कर सकते हैं?

भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक यानी CAG की एक रिपोर्ट ने सरकारी वृक्षारोपण कार्यक्रमों की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल उठाए हैं. संसद में अगस्त 2026 में पेश इस रिपोर्ट में ग्रीन इंडिया मिशन के क्रियान्वयन में कई कमियां सामने आई हैं. यह ऑडिट 2015-16 से 2024-25 तक की अवधि और 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़ा है.

ग्रीन इंडिया मिशन पर CAG रिपोर्ट की संसदीय समिति में समीक्षा के दौरान संसद की लोकलेखा समिति के अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने मंत्रालय की कार्ययोजना पर असंतोष जताते हुए इस योजना को पूरी तरह विफल करार दिया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, "लोकलेखा समिति ने मंत्रालय से इस संकट से निपटने के लिए तत्काल एक ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा है.”

पर्यावरण दिवस: करीब 70 साल से हर दिन एक पेड़ लगाते आ रहे हैं यह बुजुर्ग

लक्ष्य का पांच फीसदी भी हासिल नहीं!

ग्रीन इंडिया मिशन भारत सरकार की एक प्रमुख पर्यावरणीय योजना है जो जलवायु परिवर्तन पर राष्ट्रीय कार्य योजना यानी एनएपीसीसी के आठ मिशनों से एक है. इसकी शुरुआत आधिकारिक तौर पर फरवरी 2014 में की गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर इसे वित्तीय वर्ष 2015-16 से लागू किया गया. इसका मकसद देश में वन क्षेत्र बढ़ाना, खराब हो चुके जंगलों की गुणवत्ता सुधारना और पारिस्थितिकी तंत्र को बहाल करना था. इसके तहत 2018 तक 28 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हस्तक्षेप का लक्ष्य रखा गया था.

लेकिन CAG की रिपोर्ट के मुताबिक मार्च 2025 तक इस लक्ष्य के मुकाबले सिर्फ करीब 1.48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में ही काम हुआ. यानी निर्धारित लक्ष्य का महज 5.3 फीसदी.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जिन स्थानों का आकलन किया गया, उनमें करीब 70 फीसदी जगहों पर वनस्पति या हरित क्षेत्र की स्थिति में या तो बहुत कम सुधार हुआ या फिर कोई सुधार ही नहीं दिखा. यानी यह सिर्फ योजना की नाकामी नहीं बल्कि सरकारी निगरानी और रिपोर्टिंग पर भी सवाल है.

दरअसल, सीएजी की रिपोर्ट में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ऑडिट टीम ने जीपीएस, गूगल अर्थ प्रो की सैटेलाइट तस्वीरों और आईआईएससी बेंगलुरु के तकनीकी विश्लेषण का इस्तेमाल किया जिसका नतीजा यह रहा है कि जांचे गए करीब 70 फीसदी जगहों पर बहुत कम या कोई सुधार नहीं मिला.

रिपोर्ट के मुताबिक मिशन के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने में भी गंभीर कमियां रहीं. शुरुआत में 2,400 करोड़ रुपये के प्रावधान की बात थी, लेकिन दस वर्षों में बजटीय सहायता के रूप में सिर्फ 1,149.14 करोड़ रुपये मिले. यह प्रस्तावित राशि का करीब 47.88 फीसदी है, यानी आधा से भी कम.

इसके अलावा, अलग-अलग सरकारी योजनाओं के साथ तालमेल से जुटाए जाने वाले 10,600 करोड़ रुपये भी उपलब्ध नहीं हो सके.

यही नहीं, CAG ने मिशन के तहत योजना बनाने, धन के इस्तेमाल, विभागों के बीच तालमेल और निगरानी की व्यवस्था में भी कमियां दर्ज की हैं. रिपोर्ट के मुताबिक कई महत्वपूर्ण पारिस्थितिक क्षेत्रों, मसलन- झाड़ीनुमा वन क्षेत्र, आर्द्रभूमि, बीहड़ और परित्यक्त खदानों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया.

उत्तराखंड के चकराता वन प्रभाग के डाबला सगवा टोक क्षेत्र का उदाहरण देते हुए ऑडिट में कहा गया कि सरकारी रिकॉर्ड में दो हजार पौधे लगाए जाने का उल्लेख था, जबकि मौके पर निरीक्षण के दौरान सिर्फ 30 से 40 पौधे मिले और उनमें से कोई भी जीवित नहीं था. वहीं, ओडिशा में ऐसी जगहों पर ही वृक्षारोपण दिखा दिया गया जहां पहले से ही घने जंगल थे.

विशेषज्ञों ने भी उठाए सवाल

पर्यावरण और पारिस्थितिकी से जुड़े शोधकर्ताओं का कहना है कि वृक्षारोपण की सफलता को सिर्फ इस आधार पर नहीं मापा जा सकता कि कितने पौधे लगाए गए.

पर्यावरणविद और फाइकस रिसर्च कंसल्टिंग की संस्थापक पूजा चोकसी CAG रिपोर्ट को एक महत्वपूर्ण चेतावनी बताती हैं. उनके मुताबिक, भारत को भूमि उपयोग और वानिकी से जुड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अपने काम करने के तरीके में बुनियादी बदलाव करने की जरूरत है. यह बदलाव ऐसा होना चाहिए जो पारिस्थितिक और सामाजिक, दोनों लिहाज से सार्थक हो और लगाए गए पौधों के लंबे समय तक टिके रहने को सुनिश्चित करे.

डीडब्ल्यू से बातचीत में पूजा चोकसी कहती हैं, "ग्रीन इंडिया मिशन को सफल बनाने के लिए CAMPA (प्रतिपूरक वनीकरण कोष) और अन्य सरकारी कार्यक्रमों के साथ बेहतर समन्वय और फंडिंग की जरूरत थी, जिसका पूरी तरह अभाव रहा. रिपोर्ट ही बताती है कि आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा मिशन से जुड़े वार्षिक खाते नहीं रखे गए और रिकॉर्ड्स में कई तरह की अनियमितताएं होने की बात कही गई है. राज्य के वन विभागों ने टिकाऊ पारिस्थितिक बहाली की तुलना में तेजी से पौध रोपण को लगातार प्राथमिकता दी, जिसका नतीजा यही होना था.”

उनका कहना है कि वृक्षारोपण की सफलता मापने के लिए पौधों की संख्या के बजाय उनके जीवित रहने, स्थानीय प्रजातियों, जैव विविधता और भूजल पर पड़ने वाले प्रभाव को देखना चाहिए.

उत्तराखंड: बंजर जमीन को फिर से जंगल में बदला

05:40

This browser does not support the video element.

क्या पौधे लगाना जंगल बनाने के बराबर है?

दरअसल, सरकारी वृक्षारोपण योजनाओं के साथ-साथ प्रतिपूरक वनीकरण यानी कम्पेन्सेटरी एफॉरेस्टेशन का मुद्दा भी महत्वपूर्ण है. जब किसी गैर-वन परियोजना के लिए वन भूमि का इस्तेमाल किया जाता है, तो उसके बदले दूसरी जमीन पर पेड़ लगाने की व्यवस्था की जाती है. इसके लिए प्रतिपूरक वनीकरण निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण यानी CAMPA के तहत धन का इस्तेमाल होता है.

लेकिन पर्यावरण विशेषज्ञों के बीच इस बात पर सवाल उठते रहे हैं कि क्या एक जगह काटे गए प्राकृतिक जंगल की भरपाई किसी दूसरी जगह पौधे लगाकर की जा सकती है.

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर और पर्यावरणविद प्रोफेसर एनबी सिंह कहते हैं कि तेजी से बढ़ने वाले पेड़ अधिक कार्बन सोख सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे प्राकृतिक जंगलों की जगह ले सकते हैं.

डीडब्ल्यू से बातचीत में प्रोफेसर एनबी सिंह कहते हैं, "तेजी से बढ़ने वाले पेड़ कई बार जंगलों की जल व्यवस्था और जैव विविधता के लिए भी नुकसानदेह हो सकते हैं. एक ही प्रजाति के पेड़ों का बागान किसी प्राकृतिक जंगल की जटिल जैव विविधता की भरपाई नहीं कर सकता.”

प्राकृतिक जंगलों को काटकर दूसरी जगह वृक्षारोपण करना पर्यावरणीय रूप से कोई उचित विकल्प नहीं है. जंगल की भरपाई केवल पेड़ों की संख्या से तय नहीं की जा सकती क्योंकि प्राकृतिक जंगल सिर्फ पेड़ों का समूह नहीं होते

बल्कि वे मिट्टी, पानी, वन्यजीवों, जैव विविधता और स्थानीय समुदायों के जीवन से जुड़े जटिल पारिस्थितिक तंत्र होते हैं.

जंगल बचाना या नए पेड़ लगाना?

भारत में वृक्षारोपण अभियान अक्सर बड़े सरकारी लक्ष्य और लगाए गए पौधों की संख्या के आधार पर आंके जाते हैं लेकिन CAG की रिपोर्ट और पर्यावरण विशेषज्ञों की टिप्पणियां बताती हैं कि असली चुनौती पौधे लगाने से आगे की है यानी उनका जीवित रहना, स्थानीय पारिस्थितिकी के अनुकूल होना और लंबे समय तक जंगल के रूप में विकसित हो पाना.

भारत ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए 2030 तक अपने वन और वृक्ष आवरण के जरिए 2.5 से 3 अरब टन अतिरिक्त कार्बन सिंक बनाने का लक्ष्य भी रखा है. ऐसे में वृक्षारोपण कार्यक्रमों की वास्तविक सफलता का सवाल और महत्वपूर्ण हो जाता है.

इसलिए सवाल सिर्फ यह नहीं है कि भारत में कितने पेड़ लगाए जा रहे हैं, बल्कि यह भी है कि क्या उन पेड़ों से जंगल बन रहे हैं और क्या विकास के नाम पर काटे जा रहे प्राकृतिक जंगलों को बचाने के बजाय उनकी भरपाई का दावा करना वास्तव में पर्यावरण संरक्षण का सही रास्ता है?

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी को स्किप करें

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें को स्किप करें

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें