पाकिस्तान का दौरा करेगी इंग्लैंड की क्रिकेट टीम
१९ नवम्बर २०२०
वनडे क्रिकेट की वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड की टीम अक्टूबर 2021 में पाकिस्तान जाएगी और वहां दो टी20 मैच खेलेगी. दो मैच खेलने के बाद दोनों टीमें भारत के लिए रवाना होंगी. भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में 16 टीमें हिस्सा लेंगी. अक्टूबर नवंबर में आयोजित होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में 45 मैच खेले जाएंगे.
इंग्लैंड जैसी बड़ी टीम के दौरे से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान की वापसी होगी. 2009 में लाहौर में श्रीलंका की टीम पर हुए घातक आतंकवादी हमले के बाद से इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों ने पाकिस्तान में कदम नहीं रखा है. मार्च 2009 में श्रीलंकाई टीम को गद्दाफी स्टेडियम ले जा रही बस पर हुए आतंकी हमले में आठ लोग मारे गए और कई खिलाड़ी घायल हुए.
ख़तरा है पाकिस्तान में खेलनाः आईसीसी
श्रीलंकाई टीम पर लाहौर में हमले की रिपोर्ट तैयार
हमले के बाद पहली बार 2015 में जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान का दौरा किया. उसके बाद वेस्ट इंडीज और श्रीलंका भी वहां गए. इन तीन टीमों को अलावा कोई और टीम पाकिस्तान नहीं गई. अब यह दरवाजा खुलता दिख रहा है. इसके बावजूद भारतीय टीम का पाकिस्तान दौरा अभी दूर दूर नजर नहीं आ रहा है. टीम इंडिया ने आखिरी बार 2005-06 में पाकिस्तान का दौरा किया था.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड के दौरे को बड़ा लम्हा बताया है. 2020 में कोरोना वायरस के उफान के बीच पाकिस्तानी टीम ने इंग्लैंड का दौरा किया था. माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद इंग्लैंड ने भी पाकिस्तान जाने के फैसला किया है.
इंडियन प्रीमियर लीग और पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने वाले वाले इंग्लिश खिलाड़ी मोईन अली कहते हैं, "यह आगे बढ़ने की राह में एक बड़ा कदम है. मुझे लगता है कि यह सही फैसला है कि इतने लंबे समय बाद हम पाकिस्तान में क्रिकेट के खातिर वहां जा रहे हैं."
इंग्लिश क्रिकेट बोर्ड के एक्जीक्यूटिव अफसर टॉम हैरिस के मुताबिक पाकिस्तान के अधिकारियों ने उन्हें कड़ी सुरक्षा का भरोसा दिया है, "हम जरूरी प्लान को अमल में लाने के लिए पीसीबी (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) के साथ नजदीकी से काम कर रहे हैं."
ओएसजे/एके (एएफपी)