लिथुआनिया के विल्नियस में यूरोपियन इंस्टीट्यूट फॉर जेंडर इक्वालिटी (ईआईजीई) की ओर से जारी जेंडर इक्वालिटी इंडेक्स 2022 के मुताबिक यूरोपीय संघ में कई क्षेत्रों में लैंगिक समानता को कोरोना वायरस महामारी के दौरान नुकसान उठाना पड़ा है. इस रैंकिंग के ताजा संस्करण में 2020 का डेटा शामिल है, जो कोरोना वायरस के प्रकोप का पहले साल है. सूचकांक में यूरोपीय संघ ने कुल 100 अंकों में से 68.6 अंक हासिल किए, जो पिछले साल की तुलना में केवल 0.6 अंक अधिक है.
पुल्लिंग संबोधन चाहती हैं इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी
इस सूचकांक में पहली बार रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में समानता मूल्यों में कमी देखी गई है. रिपोर्ट के मुताबिक शक्तियों के दायरे में महत्वपूर्ण प्रगति के बिना समग्र परिणामों में स्थिति में गिरावट देखी जा सकती है. इस क्षेत्र में अधिकांश विकास आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के कारण है, जो कुछ यूरोपीय संघ के सदस्य देशों में कानूनी आरक्षण की शुरूआत से जुड़ा हुआ है.
महामारी ने समानता को कैसे प्रभावित किया है?
यूरोपियन इंस्टीट्यूट फॉर जेंडर इक्वालिटी की निदेशक कार्लियन शीले के मुताबिक नतीजे बताते हैं कि "लिंग असमानता कुछ ऐसे लोगों के लिए समस्या को बढ़ा देती है जो संकट के दौरान अधिक असुरक्षित और जोखिम में थे." रिपोर्ट कहती है श्रम बल में भागीदारी दर में गिरावट से संकेत मिलता है कि महिलाएं अपने जीवन के कम साल काम करने में बिताएंगी, जिसका असर उनके करियर और पेंशन पर पड़ेगा.
साल 2020 में पुरुषों की तुलना में कम महिलाओं ने औपचारिक और गैर-औपचारिक शैक्षिक गतिविधियों में भाग लिया. और जिस तरह से कोविड-19 ने स्वास्थ्य क्षेत्र पर अभूतपूर्व दबाव डाला है, स्वास्थ्य देखभाल और अन्य सेवाओं तक पहुंच के मामले में लिंग अंतर ने महिलाओं को प्रभावित किया है.
बच्चों की देखभाल के मामले में भी महिलाओं और पुरुषों के बीच असंतुलन है. रिपोर्ट में कहा गया है कि पुरुषों (21 फीसदी) की तुलना में दोगुनी महिलाएं (40 फीसदी) दिन में कम से कम चार घंटे छोटे बच्चों की देखभाल में बिताती हैं.
यूएन की चेतावनी: पूर्ण लैंगिक समानता अभी भी सदियों दूर
यूरोपीय देशों की रैंकिंग
जब लैंगिक समानता की बात आती है, तो यूरोपीय संघ के देशों में अभी भी बहुत अलग आंकड़े हैं. उच्चतम स्कोर स्वीडन (83.9), डेनमार्क (77.8) और नीदरलैंड्स (77.3) में दर्ज किए गए. दूसरी ओर ग्रीस (53.4), हंगरी (53.7) और रोमानिया (54.2) समानता को बढ़ावा देने में सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करने वाले देश हैं.
पिछले संस्करण के बाद से सूचकांक स्कोर में सबसे महत्वपूर्ण वृद्धि लिथुआनिया, बेल्जियम, क्रोएशिया और नीदरलैंड्स में दर्ज की गई थी. जर्मनी (68.7) अंकों के साथ यूरोपीय औसत से ऊपर है, लेकिन यह स्कोर पिछले साल की तुलना में सिर्फ 0.1 अंक अधिक है.
समानता के लिए यूरोपीय आयुक्त हेलेना डाल्ली ने रिपोर्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी विविधता में "हारना नहीं चाहिए." उन्होंने कहा, "मैं सभी हितधारकों से महिलाओं और पुरुषों के लिए समान अवसर, सुरक्षा और समान अधिकार देने के लिए अपनी भूमिका निभाने का आह्वान करती हूं."
रिपोर्ट: डिमित्रो हुबुनेको
एलिजाबेथ बोर्न के फ्रांस की प्रधानमंत्री बनने के साथ ही यूरोप में करीब एक दर्जन महिला नेता शक्तिशाली पदों पर आसीन हो गई हैं. जानिए किन यूरोपीय देशों में महिलाएं हैं प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर.
तस्वीर: Ole Berg-Rusten/NTB/AP/picture alliance 61 साल की एलिजाबेथ बोर्न पेशे से एक इंजीनियर हैं और फ्रांस की दूसरी महिला प्रधानमंत्री हैं. एडिथ क्रेसन देश की प्रधानमंत्री बनने वाली पहली महिला थीं, जो 1990 के शुरुआती दशकों में एक साल से भी कम समय के लिए पद पर रही थीं.
तस्वीर: Ludovic Marin/AFP/Getty Imagesउर्सुला फोन डेय लायन दिसंबर 2019 में यूरोपीय आयोग की पहली महिला अध्यक्ष बनी थीं. उससे पहले वो जर्मनी की रक्षा मंत्री थीं.
तस्वीर: Kenzo Tribouillard/dpa/Pool AFP/AP/picture allianceमेटे फ्रेडेरिक्सन जून 2019 में 41 साल की उम्र में डेनमार्क की सबसे युवा प्रधानमंत्री चुनी गईं. देश की प्रधानमंत्री बनने वाली पहली महिला थीं हेले थोर्निंग-श्मिट, जिनका कार्यकाल 2011 से 2015 तक रहा.
तस्वीर: Jens Dresling/Ritzau Scanpix/dpa/picture alliance52 साल की किर्स्टी कल्युलाइड अक्टूबर 2016 में एस्तोनिया की राष्ट्रपति बनने वाली पहली महिला बनीं. जनवरी 2021 में काजा कल्लास देश की प्रधानमंत्री बनने वाली पहली महिला बनीं.
तस्वीर: BGNESदिसंबर 2019 में सना मरीन 34 साल की उम्र में फिनलैंड की प्रधानमंत्री और साथ ही दुनिया में सबसे युवा प्रधानमंत्री बनीं. वो फिनलैंड की प्रधानमंत्री बनने वाली तीसरी महिला हैं.
तस्वीर: Olivier Matthys/AP Photo/picture allianceजनवरी 2020 में पेशे से अधिवक्ता कटरीना सकेलारोपोलू ग्रीस की राष्ट्रपति बनने वाली पहली महिला बनीं. सकेलारोपोलू इससे पहले 2018 में देश के सुप्रीम कोर्ट की अध्यक्ष रह चुकी हैं.
तस्वीर: Petros Giannakouris/AP/picture allianceकैटलिन नोवाक मार्च 2022 में हंगरी की राष्ट्रपति बनने वाली पहली महिला बनीं. वो इससे पहले परिवार नीति मंत्री रह चुकी हैं.
तस्वीर: Szilard Koszticsak/AP Photo/picture alliance47 साल की इंग्रिडा सीमोनीते दिसंबर 2020 में लिथुआनिया की प्रधानमंत्री बनीं. वो देश की वित्त मंत्री भी रह चुकी हैं. लिथुआनिया में महिला नेताओं की मजबूत परंपरा है. बॉल्टिक आयरन लेडी के नाम से जानी जाने वाली डालिया ग्राईबाउसकाइट 2009 से 2019 तक देश की राष्ट्रपति रहीं.
तस्वीर: Petras Malukas/AFP/Getty Images48 साल की जुजाना कपूतोवा जून 2019 में स्लोवाकिया की राष्ट्रपति बनने वाली पहली महिला बनीं. राजनीति में नई होने के बावजूद उन्होंने चुनावों में बड़ी जीत हासिल की.
तस्वीर: Michal Svitok/TASR/TK KBSमैगडालेना एंडरसन नवंबर 2021 में स्वीडन की प्रधानमंत्री बनने वाली पहली महिला बनीं. वो इससे पहले वित्त मंत्री भी रह चुकी हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद जब संसद ने उनकी सरकार के बजट को ठुकरा दिया तब उन्हें इस्तीफा देना पड़ा. चार दिनों बाद वो दोबारा चुनी गईं.
तस्वीर: Michele Tantussi/REUTERSयूरोप में यूरोपीय संघ के बाहर जॉर्जिया में सलोम जुराबिशविली राष्ट्रपति हैं, आइसलैंड में कैटरीन जेकब्सडोत्तीर प्रधानमंत्री हैं, कोसोवो में व्योसा ओस्मानी राष्ट्रपति हैं, माल्डोवा में माइआ संदु राष्ट्रपति और नतालया गावृलिता प्रधानमंत्री हैं, नॉर्वे में एरना सोलबर्ग प्रधानमंत्री हैं और स्कॉटलैंड में निकोला स्टर्जन प्रधानमंत्री हैं. (एएफपी)
तस्वीर: Ole Berg-Rusten/NTB/AP/picture alliance