लड़ाई के माहौल ने बिगाड़ा जर्मनों के घूमने जाने का प्लान
स्वाति मिश्रा डीपीए
४ अप्रैल २०२६
दुनिया की मौजूदा हालत देखकर बहुत से जर्मन घूमने जाने का इरादा बदल रहे हैं. एक हालिया सर्वे का नतीजा बताता है कि कहीं छुट्टी मनाने जाना अराजनीतिक कतई नहीं है.
जर्मनी में देश के भीतर घूमने के लिए बवेरिया एक लोकप्रिय ठिकाना है. वहीं, देश के बाहर की जगहों में स्पेन और इटली टॉप पर हैंतस्वीर: Chun Ju Wu/Zoonar/picture alliance
विज्ञापन
दुनिया में जारी लड़ाई के माहौल, संकट और राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए बहुत से जर्मन ना केवल ईस्टर पर, बल्कि आने वाले महीनों में भी घूमने जाने का इरादा बदल रहे हैं. 4 अप्रैल को जारी एक सर्वे का नतीजा बताता है कि दुनिया की राजनीतिक हालत के मद्देनजर बहुत से जर्मनों ने अपने प्लान में फेरबदल कर दिया.
डीटीवी जर्मन टूरिज्म एसोसिएशन की तरफ से यह सर्वे किया है, जर्मन इंस्टिट्यूट फॉर टूरिज्म रिसर्च ने. इस सर्वे के लिए 25 से 30 मार्च के बीच 1,124 लोगों से बात की गई. 16 फीसदी प्रतिभागियों ने बताया कि वैश्विक स्थिति को ध्यान में रखकर उन्होंने अगले तीन महीने की अपनी योजनाएं बदल दी हैं. जिन लोगों ने प्लान बदला, उनमें 46 फीसदी ऐसे हैं जिन्होंने फैसला किया कि यात्रा नहीं करेंगे, मतलब कहीं जाएंगे ही नहीं. वहीं, 32 फीसदी ने अपनी ट्रिप ही रद्द कर दी.
सर्वे में हिस्सा लेने वाले 79 प्रतिशत प्रतिभागियों ने बताया कि वे ऐसी जगह नहीं जाएंगे जहां राजनीतिक अस्थिरता या सामाजिक अशांति होतस्वीर: Ayhan Uyanik/REUTERS
जहां छुट्टी मनाने जाना है, उसकी राजनीतिक हालत कितनी अहम?
इंस्टिट्यूट के प्रमुख यूलियान राइफ ने जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए से बातचीत में कहा, "छुट्टी पर जाना भी अराजनीतिक नहीं है." राइफ ने बताया कि जिस जगह छुट्टी मनाने जाना है, वहां की राजनीतिक हालत ने हॉलीडे पर जाने के फैसले में अहम भूमिका निभाई. दो तिहाई प्रतिभागियों ने कहा भी कि वे जहां जाना चाहते हैं वहां की राजनीतिक तस्वीर उनके लिए या तो अहम है, या बहुत अहम. 79 प्रतिशत प्रतिभागियों ने बताया कि वे ऐसी जगह नहीं जाएंगे जहां राजनीतिक अस्थिरता हो, या सामाजिक अशांति.
जर्मनी के नेता भी निकल जाते हैं गर्मियों की छुट्टियों पर
गर्मियों के महीनों में जर्मनी के शीर्ष नेता और कई मंत्री भी अपनी छुट्टियां मनाने निकल पड़ते हैं. आइये देखते हैं, जर्मनी के चांसलर अपनी छुट्टियां कहां बिताते आए हैं.
तस्वीर: Axel Heimken/dpa/picture alliance
फ्रीडरिष मैर्त्स: जाउअरलांड या बवेरिया में कहीं
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स अपनी पत्नी शार्लोटे के साथ जर्मनी में किसी गुप्त स्थान पर अपनी छुट्टियां बिता रहे हैं. अनुमान है कि वे जाउअरलांड स्थित अपने होमटाउन या बवेरिया में टेगर्नजे झील के किनारे बने अपने घर में समय बिता रहे हैं.
तस्वीर: Jochen Tack/IMAGO
ओलाफ शॉल्त्स गए थे नेजेलवांग
पूर्व चांसलर ओलाफ शॉल्त्स जर्मनी के उत्तर से आते हैं. लेकिन 2024 में अपनी छुट्टियों के लिए उन्होंने देश के दक्षिण में स्थित बवेरियन आल्प्स को चुना था. कुछ रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने और उनकी पत्नी ने आलगॉय क्षेत्र के नेजेलवांग में एक घर किराये पर लिया था.
2005 से 2021 तक जर्मनी की चांसलर रही अंगेला मैर्केल हाइकिंग की काफी शौकीन थी. जिस वजह से इटली के साउथ तिरोल के पहाड़ कई सालों तक छुट्टियां मानाने के लिए उनकी पसंदीदा जगह थी.
तस्वीर: Matteo Villanova/dpa/picture alliance
गेरहार्ड श्रोएडर की पसंद स्पेन का मायोर्का
1998 से 2005 के बीच चांसलर रहे गेरहार्ड श्रोएडर (बाएं) ने साल 2000 में जर्मन लोगों की पसंदीदा जगह, मायोर्का में अपनी छुट्टियां बिताई थीं. वह बाहर जाकर पार्टी करने से ज्यादा घर में शांति से रहना पसंद करते थे.
तस्वीर: Uli Deck/dpa/picture alliance
हेल्मुट कोल की पसंद ऑस्ट्रिया की झील
साल 1982 से 1998 के दौरान जर्मनी के चांसलर रहे हेल्मुट कोल ऑस्ट्रिया के सेंट गिलगन शहर में छुट्टियां बिताते थे. अगस्त 1986 में उनकी एक तस्वीर सामने आई जिसमें वह अपनी पत्नी, हानेलोर के साथ वोल्फगांगजे झील में नाव चलाते नजर आए थे. वह छुट्टियों के दौरान वजन कम करने की कोशिश करते थे. जिसके लिए वह सिर्फ पानी और सूखे ब्रेड खाते थे.
तस्वीर: Heinz Wieseler/dpa/picture alliance
हेल्मुट श्मिट की पसंद पूर्वी जर्मनी की ब्राह्मजे झील
पूर्व चांसलर हेल्मुट श्मिट (1974-1982) जर्मनी के उत्तरी हिस्से में कील से 20 किमी दूर ब्राह्मजे झील के किनारे बने अपने छोटे से लकड़ी के घर में छुट्टियां बिताते थे. हैम्बर्ग के रहने वाले श्मिट और उनकी पत्नी इस गांव में घुल-मिल कर रहते थे और अपना समय बागवानी करते, पढ़ते हुए और शतरंज खेलने में बिताते थे.
तस्वीर: Lothar Heidtmann/dpa/picture alliance
विली ब्रांट की पसंद नॉर्वे
1969 से 1974 के बीच जर्मनी के चांसलर रहे विली ब्रांट नॉर्वे में अपनी छुट्टियां बिताना पसंद करते थे. नाजी शासन के दौरान उन्होंने अपने निर्वासन के साल भी यहीं गुजारे थे और यह उनकी पत्नी, रूट का जन्म स्थान भी था.
तस्वीर: Horst Ossinger/picture alliance
कुर्ट गेऑर्ग कीजिंगर की पसंद लेक कॉन्सटांस झील
1966 से 1969 तक चांसलर रहे कीजिंगर जर्मनी के सुदूर दक्षिण-पश्चिम में स्थित कॉन्सटांस झील पर छुट्टियां बिताते थे. 1933 में हिटलर के सत्ता में आने के साल कीजिंगर नाजी पार्टी एनएसडीएपी के सदस्य बने थे और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान विदेश मंत्रालय में प्रमुख पद पर थे. उनके इस अतीत को लेकर वामपंथी छात्र आंदोलन में उनकी खूब आलोचना हुई थी.
तस्वीर: dpa/picture alliance
लुडविग एरहार्ड की पसंद टेगर्नजे झील
सादा जीवन जीने वाले लुडविग एरहार्ड 1963 से 1966 तक चांसलर रहे. साल में दो बार वे परिवार के साथ बवेरिया के टेगर्नजे झील किनारे अपनी छुट्टियां बिताते थे. चांसलर बनने से पहले तक उन्हें विश्व युद्ध खत्म होने के बाद पश्चिम जर्मनी के आर्थिक सुधार और पुनर्निर्माण का श्रेय दिया जाता है.
तस्वीर: Georg Goebel/dpa/picture alliance
कॉनराड आडेनावर की पसंद इटली का लेक कोमो
1949 से 1963 तक पश्चिम जर्मनी के पहले चांसलर रहे कॉनराड आडेनावर का जन्म कोलोन में हुआ था. 1959 से 1966 तक लेक कोमो में विला ला कोलीना में छुट्टियां बिताते थे. जिसके बाद 1977 में उनकी पार्टी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन ने इस इमारत को खरीदकर उसे कॉनराड आडेनावर फाउंडेशन के लिए गेस्ट हाउस बना दिया था.
तस्वीर: Fritz Fischer/dpa/picture alliance
10 तस्वीरें1 | 10
'डीटीवी जर्मन टूरिज्म एसोसिएशन' के प्रमुख राइनहार्ड मायर ने बताया कि दुनिया में फिलहाल जिस तरह की राजनीतिक हालत है, उसका लोगों के ट्रैवल प्लान पर साफ असर दिख रहा है. कम-से-कम, छोटी अवधि में तो यह जरूर नजर आ रहा है. सर्वे के हवाले से उन्होंने बताया, "हमारा सर्वेक्षण साफ दिखाता है कि वैश्विक संकट और इसके चलते बढ़ी कीमतों के कारण जर्मनी में छुट्टी पर जाने वालों के बीच अनिश्चितता हावी है."
हालांकि, इसका मतलब ये नहीं कि जर्मन छुट्टी मनाना ही बंद कर देंगे. 72 प्रतिशत प्रतिभागी, अप्रैल से जून के बीच छुट्टियों के लोकप्रिय सीजन में यात्रा करने की योजना बना रहे हैं. फिर चाहे जर्मनी में ही मनाएं, या फिर विदेश जाएं. जर्मनी में बवेरिया एक लोकप्रिय ठिकाना है. वहीं, देश के बाहर की जगहों में स्पेन और इटली टॉप पर हैं.