भारत में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 37,379 नए मामले दर्ज किए गए हैं. इस महामारी के कारण पिछले 24 घंटों में 124 लोगों की मौत भी हुई है.
तस्वीर: Niharika Kulkarini/REUTERS
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटों में कोरोना के 37,379 नए मरीज मिले हैं. इसी के साथ पिछले छह दिनों में नए मरीज छह गुना बढ़े हैं. भारत में कोरोना के नए मरीजों के मिलने की रफ्तार तेज होती जा रही है. कोरोना के सक्रिय मामलों ने भी सरकारों की चिंता बढ़ा दी है. देश में अब तक सक्रिय मरीजों की संख्या 1,71,830 हो चुकी है. वहीं इस संक्रमण के चलते अब तक 4,82,017 लोगों की मृत्यु हो चुकी है. देश में कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,43,06,414 हो गई है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक ओमिक्रॉन के मामलों की संख्या 1,892 हो गई है, जिसमें सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र (568) में हैं. दिल्ली में नए वेरिएंट के 382 मामले सामने आए हैं, इसके बाद केरल (185), राजस्थान (174) और गुजरात (152) का स्थान है.
कोविड टास्क फोर्स के प्रमुख एनके अरोड़ा ने समाचार चैनल एनडीटीवी से कहा है कि भारत में कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट वाले मामले बड़े शहरों में सामने आ रहे हैं. उन्होंने कहा मुंबई, दिल्ली और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में ही तेजी से फैल रहे ओमिक्रॉन वेरिएंट के 75 फीसदी केस सामने आ रहे हैं. चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में स्पष्ट तौर पर कोविड-19 की तीसरी लहर आ चुकी है.
केजरीवाल हुए कोरोना पॉजिटव
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को जानकारी दी कि वह कोरोना से संक्रमित हो गए हैं. हालांकि उन्होंने बताया कि उनमें अभी इसके हल्के लक्षण हैं. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वे घर पर आइसोलेट हो गए हैं और अपने संपर्क में आए लोगों से जांच कराने और खुद को आइसोलेट करने की अपील की.
वहीं केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं. पांडे को पिछले दो-तीन दिनों से सर्दी, बुखार और गला खराब था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं.
विज्ञापन
क्रूज शिप पर फंसे यात्री
दूसरी ओर दो हजार यात्रियों को ले जा रहे कॉर्डेलिया क्रूज शिप में 66 लोगों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद इस जहाज को अब वापस गोवा से मुंबई भेज दिया गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि कुछ मरीजों ने गोवा के अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया था. एक अधिकारी ने कहा कि रविवार को चालक दल के एक सदस्य के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद जहाज पर सवार लोगों का परीक्षण किया गया और 66 लोग पॉजिटिव पाए गए.
वहीं बढ़ते कोविड-19 मामलों के बीच पंजाब सरकार ने आवश्यक सेवाओं को छोड़कर राज्य में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात का कर्फ्यू लगा दिया है. राज्य में सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, जबकि ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी.
बिहार की राजधानी पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के 168 डॉक्टर पिछले तीन दिनों में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. पॉजिटिव पाए गए अधिकांश डॉक्टर और मेडिकल छात्र कोविड वार्ड में ड्यूटी पर तैनात थे.
सोमवार से देश में 15 से 18 आयुवर्ग के किशोरों के लिए शुरू किए गए टीकाकरण अभियान के पहले दिन 40 लाख से अधिक किशोरों को कोविड वैक्सीन की पहली खुराक दी गई.
ऐसा दिखता है कोरोना वायरस
शोधकर्ताओं ने इलेक्ट्रान माइक्रोस्कोप की मदद से कोरोना वायरस की अद्भुत तस्वीरें ली हैं. देखिए कैसा दिखता है यह वायरस, यह कैसे काम करता है और दूसरे वायरसों और इसमें क्या फर्क है.
तस्वीर: Seth Pincus/Elizabeth Fischer/Austin Athman/National Institute of Allergy and Infectious Diseases/AP Photo/AP Photo/picture alliance
कोरोना की तस्वीर
यह है कोविड-19 महामारी को फैलाने वाले एसआरएस-सीओवी-2 की असली तस्वीर. इसके हर कण का व्यास करीब 80 नैनोमीटर होता है. हर कण में वायरस के जेनेटिक कोड यानी आरएनए की एक गेंद होती है. उसकी रक्षा करता है एक स्पाइक प्रोटीन यानी बाहर की तरफ निकले हुए मुकुट जैसे उभार जिनकी वजह से वायरस को यह नाम मिला. यह कोरोना वायरस परिवार का एक हिस्सा है, जिसके और भी सदस्य हैं.
तस्वीर: Peter Mindek/Nanographics/apa/dpa/picture alliance
हवा से प्रसार
इसके कण छोटी छोटी बूंदों और ऐरोसोल के जरिए तब फैलते हैं जब कोई सांस लेता है या खांसता है या बात करता है. यह संक्रमित सतहों के जरिए भी फैलता है.
तस्वीर: AFP/National Institutes of Health
मानव कोशिकाओं में प्रवेश
यह वायरस स्पाइक प्रोटीनों का इस्तेमाल कर कोशिकाओं की सतह पर मौजूद प्रोटीन से जुड़ जाता है. इससे कुछ रासायनिक बदलाव होते हैं जिनकी बदौलत वायरस का आरएनए (इस तस्वीर में हरे रंग में) कोशिकाओं में घुस जाता है. वहां वो कोशिकाओं से आरएनए की प्रतियां बनवाता है. एक कोशिका वायरस के हजारों नए कण (इस तस्वीर में बैंगनी रंग में) बना सकती है, जो फिर दूसरी स्वस्थ कोशिकाओं को प्रभावित करते हैं.
तस्वीर: NIAID/ZUMAPRESS.com/picture alliance
इंसानों के लिए नया
इस तस्वीर में बुरी तरह से संक्रमित एक कोशिका नीले रंग में दिखाई दे रही है. उसे संक्रमित करने वाले वायरस के कण लाल रंग में हैं. यह वायरस फ्लू या जुकाम करने वाले वायरसों से ज्यादा अलग नहीं है लेकिन 2019 से पहले इसका कभी किसी से पाला ही नहीं पड़ा था. इसी वजह से किसी में भी इसके खिलाफ इम्युनिटी नहीं थी.
तस्वीर: NIAID/Zuma/picture alliance
2002 में आया सदी का पहला कोरोनावायरस
2002 में चीन में इंसानों के बीच इस सदी का पहला कोरोनावायरस हमला सामने आया. यह एसआरएस-सीओवी था जिससे एसएआरएस नाम की बीमारी आई. यह बीमारी करीब 30 देशों में फैल गई लेकिन यह उतनी घातक नहीं निकली. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जुलाई 2003 में ही इस पर नियंत्रण कर लिए जाने की घोषणा कर दी थी.
तस्वीर: picture-alliance/dpa/Center of Disease Control
मिलिए परिवार के एक और सदस्य से
2012 में खोज हुई एमईआरएस-सीओवी की जिसे एक नई फ्लू जैसी बीमारी को जन्म दिया. मध्य पूर्व में पहली बार सामने आने वाले इस बीमारी का नाम एमईआरएस रखा गया. यह कोविड-19 से कम संक्रामक होती है. संक्रमण अमूमन एक ही परिवार के सदस्यों में या अस्पतालों के अंदर फैलता है.
तस्वीर: picture-alliance/AP/NIAID-RML
एचआईवी: एक और महामारी
इस तस्वीर में पीले रंग में दिख रहा है एड्स बीमारी फैलाने वाला एचआई वायरस. नीले रंग में टी-कोशिकाएं हैं जो हमारे इम्यून सिस्टम का हिस्सा होती हैं और वायरस इसी सिस्टम पर हमला करता है. एसआरएस-सीओवी-2 की ही तरह यह भी आरएनए आधारित वायरस है.
तस्वीर: Seth Pincus/Elizabeth Fischer/Austin Athman/National Institute of Allergy and Infectious Diseases/AP Photo/AP Photo/picture alliance