भारत में बच्चों में क्यों बढ़ रही है हिंसक प्रवृत्ति?
२७ नवम्बर २०२६
कुछ हफ्ते पहले हरियाणा के पंचकूला में सामने आई एक घटना ने सबका ध्यान खींचा था. 28 अक्टूबर को सीसीटीवी में कैद हुई उस घटना में साफ तौर पर दिखा कि आठ साल के बच्चे ने एक छह साल की बच्ची को बेरहमी से मारा. ये दोनों स्कूल में पढ़ते थे. इस घटना में वह छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई और अस्पताल में इलाज के बाद अब पहले से बेहतर है.
दूसरी ओर, उस आठ साल के बच्चे की मानसिक स्थिति का आकलन किया गया. चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) में डॉक्टरों के तीन सदस्य पैनल ने 19 नवंबर को उस बच्चे की मानसिक जांच की रिपोर्ट कोर्ट को सौंपी. इसमें साफ तौर पर लिखा गया कि उसे ‘कंडक्ट डिसऑर्डर' और 'अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी' यानी ‘एडीएचडी' नामक बीमारी है. उसे नियमित थेरेपी और इलाज की आवश्यकता है, साथ ही माता-पिता की भी काउंसलिंग की बात कही गई है.
बच्चों के हिंसक होने की घटनाओं में हो रहा इजाफा
पंचकूला का मामला तो सुर्खियों में आ गया लेकिन भारत भर में पीडियाट्रिक्स और मानसिक रोग विभागों में बच्चों के हिंसक और आक्रामक होने के मामले बड़ी संख्या में आ रहे हैं. कई बार तो बच्चे ओपीडी में डॉक्टर पर भी हाथ उठा रहे हैं या वहां रखे सामान को फेंकने जैसे आक्रामक व्यवहार कर रहे हैं.
लखनऊ के सरदार पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड हेल्थ साइंसेज में बाल रोग की विशेषज्ञ डॉक्टर पियाली भट्टाचार्य का कहना है कि उनकी ओपीडी में आमतौर पर हर रोज इस तरह के कई बच्चे आते हैं. इनकी उम्र 7-8 साल से शुरू होकर 15-16 साल तक होती है. उनसे ऐसे सामान्य सवाल करने पर भी जवाब देने के बजाय कई बार वे हिंसा पर उतर आते हैं. ऐसा होने पर उन्हें मानसिक रोग विभाग में असेसमेंट के लिए भेजा जाता है. डॉ पियाली अपने साथ हुई एक घटना बताती हैं, "एक बार 11 वर्ष का बच्चा ओपीडी में आया और मेरे पास आते ही उसने मेरे हाथ पर खरोंच दिया. उसका मेंटल हेल्थ असेसमेंट करवाने पर पता चला कि उसे एडीएचडी नामक बीमारी है. इसके बाद से उसका इलाज जारी है."
लड़कियों के बजाय लड़कों में दोगुने होते हैं एडीएचडी के मामले
एडीएचडी की बीमारी में बच्चा एक जगह पर लंबे समय तक नहीं बैठ पाता. उससे सवाल पूछे जाने पर पूरी बात सुनने से पहले ही जवाब देने की कोशिश करने लगता है. कई बार चीजें भूलने लगता है. वहीं 'कंडक्ट डिसऑर्डर' में बच्चा कई बार नियम समझाने या रोकने-टोकने को सजा समझने लगता है. उसे किसी सहारे की कमी महसूस होने लगती है. कई बार बच्चे के व्यवहार में बदलाव आता है. भविष्य में बच्चा चोरी करना, झूठ बोलना, स्कूल जाने के बहाने कहीं और चले जाना या दूसरे बच्चों के साथ मिलकर झगड़ा करना जैसे व्यवहार दिखा सकता है.
भारतीय मनोचिकित्सकों और शोधकर्ताओं की एक टीम ने एक मेटा एनालिसिस में पाया था कि भारत में स्कूली बच्चों और किशोरों में एडीएचडी की औसत व्यापकता 7.1 फीसदी है. कई राज्यों में यह 1.3 से 28.9 फीसदी तक भी दर्ज की गई. इस अध्ययन को 2020 में अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा पत्रिका 'एशियन जर्नल ऑफ साइकियाट्री' में प्रकाशित किया गया था.
यह मेटा एनालिसिस भारत के उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक जैसे कई राज्यों में साल 2000 से 2019 के बीच हुई, जिसमें 28 अलग-अलग अध्ययनों और 33,000 से अधिक स्कूली बच्चों व किशोरों के डेटा को मिलाकर एक औसत निकाला गया था. एडीएचडी के मामले लड़कियों में 5.2 फीसदी, जबकि लड़कों में दोगुनी होकर 9.4 फीसदी तक दर्ज हुए.
स्क्रीन टाइम बढ़ने से बच्चों का मानसिक विकास हो रहा प्रभावित
बच्चों के हिंसक होने के बारे में लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के मानसिक रोग विभाग में प्रोफेसर डॉक्टर आदर्श त्रिपाठी बताते हैं कि खासकर कोविड महामारी के बाद से हर किसी का स्क्रीन टाइम बढ़ा है. इसमें बच्चों की संख्या अधिक है. इसके अलावा दोनों पैरेंट्स के कामकाजी होने के चलते कई बार बच्चों की निगरानी व्यवस्था कमजोर होती है. बच्चों का मानसिक विकास प्रभावित होता है.
डॉ. आदर्श बताते हैं, "हमारी ओपीडी में एक मामला आया कि 9 साल का बच्चा अपने दादा-दादी के साथ मारपीट करता है. उस बच्चे के मेंटल असेसमेंट और परिवार की परिस्थिति का आंकलन करने पर पता चला कि बच्चा दादा-दादी के पास ही पल रहा था. माता-पिता के कामकाजी होने के चलते उसकी हर मांग पूरी की जाती रही. जब पढ़ाई में बच्चा कमजोर हुआ तो उस पर रोक-टोक लगाई जाने लगी. इसके बाद बच्चा आक्रामक हो गया.”
एडीएचडी: जिसे आज कमजोरी समझते हैं, वो हमारे पुरखों के लिए वरदान थी
डॉ. त्रिपाठी के अनुसार, 24 वर्ष की उम्र तक बच्चों के दिमाग का फ्रंट लोब यानी निर्णय लेने वाले की क्षमता वाला हिस्सा विकसित होता है. ऐसे में अगर शुरुआत से ही बच्चे स्क्रीन टाइम अधिक हो या उसके फैसलों पर बड़ों की निगरानी न रहे तो फ्रंट लोब पर बुरा असर पड़ता है और विकास भी कम हो जाता है या रुक जाता है. डॉ त्रिपाठी परवरिश के माहौल के बारे में कहते हैं कि अगर बचपन से ही कोई अपने घर में माता-पिता के बीच या पड़ोस में मारपीट की घटनाएं लगातार देख रहा है, खून-खराबा देख रहा है तो उसे ऐसा लगता है कि यही सामान्य जीवन है.
इसके अलावा वो छोटे बच्चों में ऑनलाइन गेम्स की लत लगने की समस्या की ओर भी ध्यान दिलाते हैं जिनमें कई बार काफी आक्रामकता शामिल होती है. होता ये है कि लगातार गेम खेलने के बाद कईबार जब बच्चे के सामने सच में किसी को चोट लगती है तो उसे लगता है यह समान्य बात है. यह दोनों तरह की परिस्थितियां बच्चों में सहानुभूति खत्म कर रही हैं और इसी की वजह से बच्चों का हिंसक व्यवहार भी कुछ हद तक बढ़ रहा है.
दुनिया भर के बच्चों के दिमाग की ब्रेन मैपिंग में दिखा आक्रामक व्यवहार
बच्चों में बढ़ती आक्रामकता पर भारत के कई चिकित्सा संस्थानों में अध्ययन किए गए हैं. बेंगलुरु स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आफ मेंटल हेल्थ हेल्थ एंड न्यूरोसाइंसेज (निमहांस) और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल- जर्नल ऑफ अमेरिकन एकेडमी ऑफ चाइल्ड एंड एडोलिसेंट सायकियाट्री की ओर से 2026 में एंटी-सोशल बिहेवियर पर एक साझा शोध किया गया.
इसमें भारत समेत दुनिया भर के 2,400 से अधिक बच्चों के ब्रेन एमआरआई स्कैन का विश्लेषण किया गया. सात से 21 वर्ष के युवाओं पर किए गए इस अध्ययन में पता चला कि 1,185 ऐसे बच्चे थे जिनमें गंभीर हिंसक प्रवृत्ति, आक्रामकता और नियम तोड़ने की बीमारी पाई गई थी. इनकी तुलना 1,253 स्वस्थ और सामान्य बच्चों के मस्तिष्क से की गई. शोध में यह भी सामने आया कि जिन बच्चों में 10 वर्ष से कम उम्र में ही हिंसक व्यवहार शुरू हो जाता है, उनके मस्तिष्क में संरचनात्मक बदलाव अधिक गहरे होते हैं.
बच्चों में ध्यान की कमी के इलाज के लिए आई नई दवा
इस अध्ययन ने साबित किया कि बच्चों में गंभीर हिंसक प्रवृत्ति न केवल खराब आदत या जिद है बल्कि इसके पीछे न्यूरोलॉजिकल कारण भी मौजूद होते हैं. इस बारे में डॉक्टर आदर्श का यह भी कहना है कि बच्चों द्वारा की जा रही हिंसक घटनाओं का कुछ प्रतिशत आनुवंशिक भी होता है. माता-पिता के जींस में अगर आक्रामकता हो, तो उसका कुछ असर बच्चों में भी देखा जा सकता है.
एनसीआरबी के आंकड़े दे रहे बच्चों की आक्रामकता की गवाही
राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के 2024 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में नाबालिक बच्चों द्वारा साल भर में किए 34,878 अपराधिक मामले दर्ज हैं. 2023 में ऐसे मामलों की संख्या 31,365 थी. राष्ट्रीय स्तर पर प्रति एक लाख बाल आबादी पर किशोर अपराध की दर 2023 में 7.5 थी जो 2024 में 7.9 पर दर्ज की गई.
बच्चों के लिए कितनी देर फोन देखना है सुरक्षित?
कानूनी तौर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 20 के तहत चूंकि 7 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के द्वारा की गई घटनाएं अपराध नहीं मानी जातीं, इसलिए प्री-स्कूल या प्राइमरी स्तर पर बहुत छोटे बच्चों द्वारा की जाने वाली हिंसक घटनाएं पुलिस रिकॉर्ड या एनसीआरबी के आंकड़ों में पूरी तरह दर्ज नहीं हो पातीं. इस पर सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विमलेश निगम का कहना है कि बीएनएस की धारा 20-21 और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत पंचकूला जैसे मामलों में आक्रामक व्यवहार करने वाले बच्चे को अपराधी बनाने के बजाय, उसे समय पर मनोवैज्ञानिक उपचार देना बेहतर विकल्प होता है.
वहीं दूसरी ओर पीड़ित को संपूर्ण न्याय, नि:शुल्क व उच्चस्तरीय चिकित्सा और लापरवाह स्कूल प्रशासन पर कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करना भी जरूरी है. सभी स्कूलों में फुलटाइम बाल मनोवैज्ञानिकों और काउंसलर्स की अनिवार्य नियुक्ति और नियमित सुरक्षा ऑडिट ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोक सकते हैं.
डॉ पियाली बताती हैं कि अगर किसी छोटे बच्चे में बार-बार गुस्सा आना, दूसरों को नुकसान पहुंचाने की प्रवृत्ति या फिर किसी को चोट लगने पर सहानुभूति की कमी दिखे तो उस बच्चे को सजा देने के बजाय शुरु से ही बाल मनोचिकित्सक से परामर्श दिलवाना सबसे जरूरी है. डॉक्टर पियाली कहती हैं, "समय पर थेरेपी और सही माहौल मिलने से बच्चों के मस्तिष्क के विकास को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है और हिंसक प्रवृत्ति काफी हद तक रोकी जा सकती है."