1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें
तकनीकविश्व

युद्ध से इंसान को क्या मिला?

१९ नवम्बर २०२६

युद्ध में इंसानों ने क्या खोया आपने यह तो सुना होगा, लेकिन क्या आपको पता है युद्ध से कुछ ऐसे आविष्कार भी निकले हैं, जो आज भी आपकी जिंदगी आसान बनाने का काम कर रहे हैं.

13 मार्च 1945 को अमेरिकी सैनिक अमेरिकी आर्मी ब्लड बैंक में रक्तदान कर रहे हैं, जबकि बैकग्राउंड में अमेरिकी सैनिक अपने साथियों के साथ ‘शॉट’ पी रहे हैं.
शुरुआती दौर में ब्लड बैंकों में सोडियम साइट्रेट का इस्तेमाल कर खून को जमने से बचाया जाता थातस्वीर: Coll-DITE/USIS/Photo12/picture alliance

जब बात युद्ध की होती है, तो अक्सर तबाही के मंजर सामने आते हैं. लेकिन युद्ध के नतीजों में सिर्फ विनाश ही नहीं बल्कि कुछ आविष्कार भी शामिल रहे हैं. आवश्यकता से ही आविष्कार का जन्म होता है. खासकर अगर बात युद्ध जैसी तबाही की हो, तो कई तरीके की जरूरतें उभर कर सामने आती हैं. युद्ध लड़ते हुए सैनिकों को दूर-दराजों के इलाकों में लंबे समय तक रहते हुए खाने-पीने, इलाज, कपड़े जैसी कई जरूरतें महसूस हुई. इन जरूरतों ने ही कई आविष्कारों को जन्म दिया.

फ्रीज ड्राइंग

फ्रीज ड्राइंग सुनने में बेशक फ्रोजन फूड में इस्तेमाल होने वाली तकनीक जैसा सुनाई दे, लेकिन असल में फ्रीज ड्राइंग के दौरान जमे हुए खाने में से पानी को सीधे बर्फ के रूप में हटा दिया जाता है. इससे खाना काफी लंबे समय तक टिका रहता है और उसका मूल न्यूट्रिशन 80 से 90 फीसदी तक बना रहता है. असल में इस प्रोसेस के लिए 1906 में ही फ्रीज ड्रायरस् बन चुके थे. लेकिन प्रथम विश्व युद्ध के दौरान इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ा. उस वक्त इसे खाने के लिए नहीं, बल्कि सैनिकों की जान बचाने के लिए इस्तेमाल किया गया.

युद्ध के दौरान जब तक सैनिकों तक पेनिसिलिन या ब्लड प्लाज्मा पहुंचता था, तब तक वो खराब हो चुका होता थातस्वीर: U.S. National Archives

युद्ध के दौरान जब सैनिक घायल होते थे, तो उन्हें तुरंत खून, ब्लड प्लाज्मा आदि की जरूरत होती थी. लेकिन उस समय लगातार रेफ्रिजरेशन करना आसान नहीं था. ऐसे में जब तक सैनिकों तक पेनिसिलिन या ब्लड प्लाज्मा पहुंचता था, तब तक या तो देर हो चुकी होती थी, या फिर वो खराब हो चुके होते थे और जरूरी मदद के अभाव में सैनिकों की जान चली जाती थी. उस समय फ्रीज ड्राइंग को पेन्सिलीन के संरक्षण, ब्लड प्लाज्मा को खराब होने से बचाने के लिए, दूर-दराज के इलाकों में खाने पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया गया. आज भी वैक्सीन, एंटीबायोटिक्स आदि बनाने के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है. एस्ट्रोनॉट अंतरिक्ष में जो खाना लेकर जाते हैं, वह भी इसी तकनीक से तैयार किया जाता है. 

आपकी पैंट में इस्तेमाल होने वाली चेन

असल में जिपर चेन के शुरुआती मॉडल्स 1850 में ही मार्केट में आने लगी थे, लेकिन तब तक इसके इस्तेमाल के लिए लोग राजी नहीं थे. चूंकि, यह बार-बार खुल जाता था और उस वक्त तक बटन का इस्तेमाल ज्यादा सहज समझा जाता था. प्रथम विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना ने सैनिकों की वर्दी और सैन्य उपकरणों में जिपर का इस्तेमाल शुरू किया. प्रथम विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी नौसेना के नाविकों के बीच जिप लगी मनी बेल्ट बहुत लोकप्रिय हुई. इसके लोकप्रिय होने का मुख्य कारण यह था कि उस समय नाविकों की वर्दी में जेब नहीं होती थीं. इसलिए उन्हें पैसे और छोटी-छोटी चीजें रखने के लिए ऐसे बैग्स की जरूरत होती थी.

प्रथम विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी नौसेना के नाविकों के बीच जिप लगी मनी बेल्ट बहुत लोकप्रिय हुईतस्वीर: San Diego Air & Space Museum Archives

इसके बाद अमेरिकी नौसेना ने 10,000 फ्लाइंग सूट के लिए जिपर का ऑर्डर दिया. इस दौरान जर्मनी और यूरोप में जिपर का एक उद्योग विकसित हो गया था, लेकिन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जर्मनी की कई जिपर फैक्ट्रियां नष्ट हो गई थी. दूसरी ओर, पॉलिमर का विकास तेजी से हो रहा था. यहां से प्लास्टिक जिपर का दौर शुरू हुआ.

खून को बहने से रोकने के लिए इस्तेमाल हुआ सुपर-ग्लू

सुपर ग्लू को आज दुनिया में प्लास्टिक, धातु, लकड़ी को जोड़ने के लिए किया जाता है. लेकिन इसका आविष्कार द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हुआ था. 1942 में जब एक अमेरिकी कंपनी सैनिकों के हथियारों में इस्तेमाल होने वाले पारदर्शी प्लास्टिक गन साइट्स पर काम कर रही थी, तब डॉ. हैरी वेस्ली कूवर ने गलती से सायनोएक्रिलेट नामक रसायन की खोज कर ली, जो किसी भी चीज को चिपका देती थी. 1956 में डॉ. कूवर ने इसे पेटेंट कराया और इसे व्यावसायिक उत्पाद के रूप में विकसित किया.

वियतनाम युद्ध के दौरान घायल सैनिकों के शरीर से तेजी से खून बहने से रोकने के लिए एक चिपचिपी चीज का इस्तेमाल किया गयातस्वीर: UIG/IMAGO

वियतनाम युद्ध के दौरान घायल सैनिकों के शरीर से तेजी से खून बहने से रोकने के लिए इस चिपचिपी चीज का इस्तेमाल किया गया, ताकि जब तक घायल सैनिक अस्पताल पहुंचे, तब तक उसके शरीर से ज्यादा खून ना बह जाए. हालांकि, इससे त्वचा में जलन और टिशू को नुकसान पहुंच सकता था, इसलिए उस समय इसका इस्तेमाल दवा के तौर पर मंजूर नहीं किया गया. लेकिन आज अस्पतालों में सर्जरी के बाद छोटे घावों को बंद करने के लिए, त्वचा के कटे हुए हिस्सों को जोड़ने के लिए कुछ खास परिस्थितियों में इसका इस्तेमाल किया जाता है.

लोकेशन ट्रैक करने वाला जीपीएस सिस्टम

आज जीपीएस का इस्तेमाल मोबाइल फोन, कार, स्मार्टवॉच से लेकर हवाई जहाज तक सब जगह किया जाता है. असल में जीपीएस, ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम है. इसमें सैटेलाइट की मदद से किसी की भी सटीक पोजीशन का पता लगाया जा सकता है. इससे पहले तक कागज के नक्शों, सेक्सटेंट और क्रोनोमीटर का इस्तेमाल किया जाता था. 1973 में अमेरिकी सेना को एक ऐसी सटीक इलेक्ट्रॉनिक नेविगेशन प्रणाली विकसित करने की जरूरत महसूस हुई, जो सैन्य अभियानों के दौरान दुश्मनों के पते की सटीक जानकारी दे सके. तब अमेरिकी रक्षा विभाग ने जीपीएस का विकास शुरू किया.

भटके हुए कोरियन एयरलाइंस के विमान को सोवियत संघ के मार गिराने के बाद तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति ने की कि इस जीपीएस तकनीक को नागरिक विमानों के लिए उपलब्ध कराया जाएगातस्वीर: Mikami/AP Photo/picture alliance

शुरुआत में जीपीएस का इस्तेमाल केवल सैन्य अभियानों तक ही सीमित था, लेकिन 1983 में जब सोवियत लड़ाकू विमानों ने एक कोरियन एयरलाइंस के विमान को मार गिराया. चूंकि, यह विमान गलती से भटक कर सोवियत संघ के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया था. उस समय तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति ने घोषणा की कि इस तकनीक को नागरिक विमानों और आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि ऐसी नेविगेशन संबंधी गलतियों को कम किया जा सके. हालांकि, आज भी सटीक पोजीशन जानने की सुविधा अमेरिकी सेना और उसके सहयोगियों तक सीमित है. रूस, चीन जैसे दुनिया के कई अन्य देश भी अपनी सैटेलाइट नेविगेशन प्रणालियां विकसित कर रहे हैं, ताकि उन्हें अमेरिका पर निर्भर न रहना पड़े.

ब्लड ट्रांसफ्यूजन और ब्लड बैंक

प्रथम विश्व युद्ध से पहले तक किसी के शरीर से खून निकालकर किसी को चढ़ाना एक जोखिम भर काम हुआ करता था, क्योंकि खून जल्दी जम जाता था और उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखना भी मुश्किल था. उस समय डॉक्टर खून देने वाले और मरीज की ब्लड वेसेल्स को रबर की नलियों से सीधे जोड़कर ब्लड ट्रांसफ्यूजन करते थे. इसमें दो से तीन घंटे लग सकते थे और इसके लिए खास तजुर्बा जरूरी होता था. जब 1914 में यूरोप में प्रथम विश्व युद्ध शुरू हुआ, तब ब्लड ट्रांसफ्यूजन के लिए यह तरीका इस्तेमाल करना मुश्किल था.

प्रथम विश्व युद्ध से पहले तक किसी के शरीर से खून निकालकर किसी को चढ़ाने में दो से तीन घंटे लगते थेतस्वीर: Cecil Beaton/Heritage Images/picture alliance

अस्पताल में यह मुमकिन था, लेकिन युद्ध के मैदान में इसका इस्तेमाल मुश्किल था. प्रथम विश्व युद्ध के दौरान 1917 में अमेरिकी डॉक्टर ओसवाल्ड होप रॉबर्ट्सन ने फ्रांस में ब्लड बैंक विकसित किया, जिसे दुनिया के शुरुआती ब्लड बैंकों में से एक माना जाता है. उन्होंने खून को कांच की बोतलों में इकट्ठा किया और सोडियम साइट्रेट का इस्तेमाल किया, जिससे खून जमने से बचता था. बाद में उन्होंने इसमें डेक्स्ट्रोस भी मिलाया, जिससे रेड ब्लड सेल्स को सुरक्षित रखने में मदद मिली. खून की बोतलों को बर्फ और बुरादे से भरे बक्सों में रखकर परिवहन किया जाता था.

विश्व युद्ध के बाद दूसरे दशक की कहानी

05:58

This browser does not support the video element.

संपादन:आमिर अंसारी
डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी को स्किप करें

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें को स्किप करें

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें