यूरोपीय पुलिस एजेंसी यूरोपोल ने कहा है कि इस्लामिक स्टेट ने यूरोप में ऐसे दर्जनों लोग जुटा लिए हैं जो यहां हमला करना को तैयार हैं. यह गुट लोगों में दहशत फैलाने के लिए सार्वजनिक जगहों को निशाना बना सकता है.
शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में यूरोपोल ने कहा कि इस्लामिक स्टेट निकट भविष्य में यूरोपीय संघ के भीतर हमला कर सकता है. एजेंसी का कहना है कि सुन्नी आतंकवादी गुट आईएस के पास यूरोप में हमला करने की इच्छा और क्षमता, दोनों हैं. खास तौर से उन देशों में हमले हो सकते हैं जो इस्लामिक स्टेट के खिलाफ बने गठबंधन में शामिल हैं. सबसे ज्यादा हमले का खतरा फ्रांस, बेल्जियम, जर्मनी, नीदरलैंड्स और ब्रिटेन में बताया गया है.
रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि चूंकि सीरिया और इराक में सैन्य अभियानों के चलते इस्लामिक स्टेट कमजोर पड़ रहा है, इसलिए उसके विदेशी लड़ाके वापस यूरोप में अपने परिवारों के पास आ सकते है और इससे सुरक्षा को एक बड़ा खतरा पैदा होगा. अन्य आईएस लड़ाके लीबिया जा सकते हैं, जो विदेशी लड़ाकों की मंजिल बन गया है. लीबिया को उत्तरी अफ्रीका और यूरोप में हमले के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
परवान चढ़ता उग्र दक्षिणपंथ
इस्लामी कट्टरपंथ और शरणार्थी संकट ने पश्चिमी देशों में उग्र दक्षिणपंथ का खतरा बढ़ाया. कट्टरपंथी हमलों और शरणार्थियों से घबराए लोगों का गुस्सा इस्लाम और सरकारों पर उतर रहा है. मुख्य धारा की पार्टियां समर्थन खो रही हैं.
तस्वीर: AFP/Getty Images/A. Messinis
बढ़ता असर
उग्र दक्षिणपंथी पार्टियों का पॉपुलिज्म यूरोप के लिए नया नहीं है, पिछले कुछ सालों से ईयू की कथित मनमानियों और आर्थिक मुश्किलों के कारण उग्र दक्षिणपंथ के लिए समर्थन बढ़ रहा था लेकिन शरणार्थियों के आने से उसमें और इजाफा हुआ है.
तस्वीर: DW
फ्रांस में ले पेन
पेरिस पर आतंकी हमलों के तुरंत बाद फ्रांस में हुए स्थानीय चुनावों में मारी ले पेन की उग्र दक्षिणपंथी नेशनल फ्रंट पार्टी को फायदा पहुंचा है और वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. राष्ट्रपति फ्रांसोआ ओलांद की सोशलिस्ट पार्टी तीसरे नंबर पर खिसक गई है.
तस्वीर: Getty Images/AFP/A. C. Poujoulat
स्विट्जरलैंड पर भी असर
स्विट्रजरलैंड कभी भी उग्र दक्षिणपंथ का गढ़ नहीं रहा. लेकिन यूरोप के शरणार्थी संकट के बीच अक्टूबर में हुए चुनावों में आप्रवासन विरोधी स्विस पीपुल्स पार्टी एसवीपी को 11 अतिरिक्त सीटें मिली और उसने संसद की 200 में से 65 सीटें जीत लीं.
तस्वीर: Reuters/A. Wiegmann
जर्मनी में पेगीडा
जर्मनी में पिछले कई महीनों से आप्रवासन विरोधी ड्रेसडेन शहर में हर सोमवार को प्रदर्शन कर रहे हैं. हालांकि प्रदर्शनों को हर शहर में ले जाने का उनका प्रयास विफल रहा है लेकिन आप्रवासन विरोधी एएफडी पार्टी के लिए समर्थन बढ़ रहा है.
तस्वीर: picture-alliance/dpa/Arno Burgi
फिनलैंड में जीत
इस साल फिनलैंड में हुए चुनावों में राष्ट्रवादी फिन्स पार्टी संसद में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. कुछ लोगों का कहना है कि आप्रवासी विरोधी भावना से शरणार्थियों का बड़ी संख्या में आना उग्र दक्षिणपंथ को बढ़ावा दे रहा है.
तस्वीर: Reuters/Mikko Stig/Lehtikuva
पोलैंड का रास्ता
पोलैंड में पिछले दिनों हुए चुनावों में अति दक्षिणपंथी पार्टी की जीत हुई है और प्रधानमंत्री बेयाटा सीडलो की सरकार ने ईयू के कोटे के अनुसार शरणार्थियों को लेने से साफ मना कर दिया है. वह पिछले सरकार के फैसले को मानने के लिए तैयार नहीं हैं.
तस्वीर: picture-alliance/epa/T. Gzell
हंगरी में राष्ट्रवाद
हंगरी में विक्टर ओरबान की अनुदारवादी पार्टी 2010 में ही भारी बहुमत से सत्ता में आ गई थी. तब से वह अति राष्ट्रवादी फैसले लेती रही है और यूरोपीय मूल्यों से दूर होती रही है. देश में राष्ट्रवाद और अल्पसंख्यकों पर संदेह का बोलबाला है.
तस्वीर: Reuters/M. Dalder
डेनमार्क में प्रभाव
जून में हुए संसदीय चुनावों में डेनमार्क की उग्र दक्षिणपंथी पार्टी डैनिश पीपुल्स पार्टी संसद में दूसरे नंबर पर रही है. शरण को पूरी तरह बंद करने की मांग करने वाली पार्टी को 21 प्रतिशत मत मिले. सोशल डेमोक्रैट्स भी वहां शरण पर सीमा का समर्थन करते हैं.
तस्वीर: Reuters/N. Ahlmann Olesen
ग्रीस में सात प्रतिशत
ग्रीस में पिछले सितंबर में हुए संसदीय चुनावों में उग्र दक्षिणपंथी पार्टी गोल्डन डाउन को महत्वपूर्ण सफलता मिली. उसे 7 प्रतिशत मतदाताओं का समर्थन मिला और नई संसद में वह तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.
तस्वीर: AFP/Getty Images/A. Messinis
9 तस्वीरें1 | 9
यूरोपोल ने कहा है, "यूरोप से बड़ी मात्रा में कट्टरपंथी लोग इस्लामिक स्टेट में भर्ती हुए हैं. ऐसे लोगों की संख्या हजारों में है. इन लोगों की बड़ी संख्या में अपने घरों को वापसी एक बड़ा सुरक्षा खतरा है." रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि यूरोप में ऐसे दर्जनों लोग हो सकते हैं जिनके पास आतंकवादी हमले करने की क्षमता है.
यूरोपोल के अनुसार यूरोप में हमला करने के लिए कार बम धमाके जैसे तरीके इस्तेमाल किए जा सकते हैं जो सीरिया और इराक में बहुत आम हैं. हमले में ऑटोमेटिक राइफल, धारदार हथियार या वाहनों को इस्तेमाल किया जा सकता है.
यूरोपोल की रिपोर्ट कहती है कि इस्लामिक स्टेट जैविक या रासायनिक हमला भी कर सकता है. बताया जाता है कि आईएस सीरिया और इराक में मस्टर्ड गैस तैयार करने में सक्षम है. यूरोपोल का कहना है कि इस्लामिक स्टेट अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए पुलिस, सेना या सुरक्षा वाले अन्य ठिकानों की बजाय आसान सार्वजनिक जगहों को निशाना बना सकता है.
एके वीके (रॉयटर्स, डीपीए)
जान हथेली पर लिए सीरिया से जर्मनी
सीरिया में युद्ध की भयावहता से बचने के लिए कई सारियाई तमाम खतरों का सामना करते हुए किसी तरह यूरोप पहुंचना चाहते हैं. एक नजर इस खतरनाक यात्रा के मुख्य बिंदुओं पर.
तस्वीर: Getty Images/AFP/C. Stache
घर छोड़ने की मजबूरी
2011 से जारी सीरियाई संघर्ष में अब तक 2,40,000 से भी अधिक लोगों की जान जा चुकी है. किसी तरह सीरिया से जान बचा कर भागने कि लिए लोग कोई भी ट्रेन, पैदल या फिर मानव तस्करों तक की मदद ले रहे हैं.
तस्वीर: picture-alliance/A.A./M. Rashed
पहला स्टॉप: तुर्की
सीरिया से तुर्की के इज्मीर प्रांत पहुंचने वाले कई लोग वहां हॉस्टलों में रहते हैं. जो इसका खर्च नहीं उठा सकते, वे पार्कों और फुटपाथों पर ही सोने को मजबूर होते हैं.
तस्वीर: picture-alliance/AA/E. Atalay
ग्रीस की ओर
तुर्की छोड़ने के बाद कई रिफ्यूजी ग्रीस की ओर से यूरोप में प्रवेश की कोशिश करते हैं. तस्वीर में दिख रहा एक सीरियाई समूह तुर्की के तटीय इलाके से एक फुलाने वाली छोटी सी नाव में बैठकर ग्रीस के कॉस द्वीप की ओर बढ़ते हुए.
तस्वीर: Reuters/A. Konstantinidis
यूरोप की मुख्यभूमि तक
तस्वीर में एक छोटी सी सीरियाई लड़की कॉस से ग्रीस मुख्यभूमि पर पिरेउस तक जाने वाली फेरी में. दस घंटे की यात्रा के बाद कई रिफ्यूजी उत्तर की ओर बढ़ते हुए ग्रीस और मैसेडोनिया की सीमा और फिर मैसेडोनिया से होते हुए सर्बिया की ओर इस "बाल्कन रूट" पर आगे बढ़ते हैं.
तस्वीर: Getty Images//W. McNamee
सीलबंद सीमाएं
अगस्त में मैसेडोनिया ने शरणार्थियों की बढ़ती तादाद को देखते हुए आपातकाल घोषित कर दिया. सेना को देश की सीमाओं को बंद करने के आदेश दिए गए. तस्वीर में मैसेडोनिया से सर्बिया जाने वाली ट्रेनों में भरे हुए शरणार्थी.
तस्वीर: picture-alliance/dpa/G. Licovski
बेलग्रेड में सुस्ताते
सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में कई रिफ्यूजी सार्वजनिक स्थलों पर कुछ समय तक रुक कर सुस्ताते हैं. अंतरराष्ट्रीय आप्रवासन संगठन के आंकड़े दिखाते हैं कि 2015 की शुरुआत से जून के मध्य तक ही करीब 1,60,000 प्रवासियों ने दक्षिण यूरोपीय देशों में कदम रखे हैं.
तस्वीर: picture alliance/dpa/T. Brey
सर्बिया के बाद हंगरी बेहाल
हंगरी में गैरकानूनी रूप से सीमा पार करने की कोशिश करने वालों के लिए सजा कड़ी कर दी गई है. ईयू नियमों के अनुसार पकड़े जाने पर ऐसे लोगों का हंगरी में ही रजिस्ट्रेशन करवाया जाना चाहिए, लेकिन रिफ्यूजी आगे जर्मनी तक जाने की कोशिश कर रहे हैं.
तस्वीर: Reuters/B. Szabo
अप्रत्याशित रोड़ा
हंगरी के बाद अगला पड़ाव ऑस्ट्रिया है, जहां इनको शरण के लिए पंजीकृत किए जाने पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. ऑस्ट्रिया के बिचके स्टेशन पर ऐसे ही एक प्रदर्शन में जर्मनी जाने देने की मांग करती एक रिफ्यूजी बच्ची.
तस्वीर: Reuters/L. Foeger
गर्मजोशी से स्वागत
कई दिनों तक हंगरी में अटके रहने के बाद हजारों रिफ्यूजी ऑस्ट्रिया और जर्मनी तक पहुंच रहे हैं. जर्मन शहर म्यूनिख में तो कई जर्मन एक बेहद मुश्किल यात्रा के बाद जर्मनी पहुंचने पर रिफ्यूजी दल के स्वागत के लिए पहुंच रहे हैं.
तस्वीर: picture-alliance/dpa/N. Armer
अब आगे क्या?
जर्मन राजनीतिज्ञ बड़ी संख्या में जर्मनी पहुंचने वाले रिफ्यूजी को शरण देने संबंधी व्यवस्था और खर्च का हिसाब लगाने में व्यस्त हैं. केवल सीरिया से भागने वालों के लिए ही नहीं बल्कि उन्हें शरण देने वालों के सामने भी एक बड़ी चुनौती है.