दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान को क्रैश करने की कोशिश नाकाम
३० सितम्बर २०२६
दुबई से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट को बुधवार, 30 सितंबर को सऊदी अरब में आपात लैंडिंग करनी पड़ी. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक विमान उड़ा रहे दो पायलटों के बीच कथित तौर पर हाथापाई हुई. फ्लाइटरडार 24 के मुताबिक, जॉर्डन की सीमा के पास फ्लाईदुबई की फ्लाइट ने एक मिनट के भीतर 33,000 फीट से 17,000 फीट पर गोता लगाया. इसके बाद विमान वहीं गोल गोल चक्कर काटता रहा. फिर एक घंटे बाद विमान सऊदी अरब में उतरा. विमान में 180 से ज्यादा लोग सवार थे.
सऊदी अरब की एयरपोर्ट संचालक कंपनी के मुताबिक फ्लाईदुबई के विमान ने सुबह 9:45 बजे तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. वहां कप्तान और कोपायलट घायल मिले. दोनों को अस्पताल ले जाया गया है. फ्लाईदुबई ने पहले अपने बयान में कहा कि उड़ान FZ1073 को रास्ते में एक घटना का सामना करना पड़ा लेकिन विमान सुरक्षित रूप से तबूक हवाई अड्डे पर उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं.
पायलटों के बीच खूनी संघर्ष
कई इस्राएली मीडिया संस्थानों की रिपोर्ट के मुताबिक, एक पालयट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की. इस दौरान दूसरे पायलट ने संघर्ष करते हुए उसे रोका. इस हाथापाई और संघर्ष के दौरान विमान का आपातकालीन अलर्ट सिग्नल सक्रिय हुआ. रिपोर्टों के अनुसार विमान में दो अन्य पायलट भी बतौर यात्री सवार थे. उन्होंने नियंत्रण संभालकर सऊदी अरब में विमान की आपात लैंडिंग कराई.
इस घटना के बाद फ्लाईदुबई कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा, "हमारी टीमें संबंधित प्रशासन के साथ काम कर रही है. पुख्ता जानकारी सामने आने के बाद आगे की अपडेट दी जाएगी." फ्लाईदुबई, एमिरेट्स एयरलाइंस की बजट सेवा है.
विमान में सवार यात्री की मां का दावा
विमान में सवार इस्राएली यात्री, मरियम शिरा ओहायोन की मां यास्मीन अबुकासिस ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि उनकी बेटी ने सऊदी अरब से फोन कर कहा कि एक पायलट ने दूसरे पर चाकू से हमला करने की कोशिश की. इसी दौरान यात्रियों ने कॉकपिट में चीख पुकार सुनी. उन्होंने कहा कि शोर सुनकर एक महिला और तीन युवा कॉकपिट तक गए. वहां काफी खून था. इसके बाद वे यात्री मदद के लिए चिल्लाए और कुछ लोगों ने कॉकपिट में जाकर जाकर हमलावर को काबू किया.
यास्मीन के मुताबिक इस दौरान विमान तेजी से नीचे गोता लगाने लगा और यात्रियों को लगा कि शायद वे नहीं बचेंगे. बेटी से मिली जानकारी के आधार पर यास्मीन ने कहा कि बाद में विमान के पिछले हिस्से में मौजूद दो अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला.
कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि यात्रियों ने दोनों पायलटों को अलग करने में मदद की. एक यात्री की खून से सनी टी-शर्ट की तस्वीरें भी प्रकाशित की गईं हैं. चैनल 12 के अनुसार जांचकर्ता इस संभावना की भी पड़ताल कर रहे हैं कि कहीं एक पायलट ने विमान को गिराकर आत्महत्या करने की कोशिश तो नहीं की. और दूसरे पायलट ने उसे रोकने के लिए पूरी ताकत लगा दी.
संदिग्ध पायलट की मंशा को लेकर जांच जारी
एयरलाइन और संबंधित देशों के अधिकारियों ने फिलहाल घटना की विस्तृत जानकारी या घायल पायलटों की राष्ट्रीयता के बारे में कुछ नहीं कहा है. हालांकि कुछ इस्राएली मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि एक पायलट ओमान का और दूसरा संयुक्त अरब अमीरात का नागरिक था.
इस्राएल के सार्वजनिक प्रसारक और चैनल 12 ने बताया कि संभावित विमान अपहरण की आशंका के चलते इस्राएली वायुसेना ने लड़ाकू विमान भी भेजे थे. बाद में इस आशंका को खारिज कर दिया गया.
प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि उन्होंने घटना पर परामर्श बैठक की और हालात पर नजर रखी हुई है. इस्राएल और यूएई के बीच 2020 में संबंध सुधरने के बाद से यात्री विमान उड़ान भरते हैं. ईरान युद्ध के चलते पूरे मध्य पूर्व में तनाव है. इसी हफ्ते इस खबर की पुष्टि हुई कि, बीते रविवार को इस्राएली प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने गुपचुप तरीके से यूएई का दौरा किया.