108 साल की उम्र में न आंखों में चश्मा, ना ही लाठी का सहारा या फिर कमजोरी की शिकायत. जापान की शितसुई हाकोइशी बुढ़ापे में भी अपना काम बेहद सलीके से करते हुए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दाखिल हो गई हैं.
10 नवंबर 1916 में पैदा हुई शितसुई हाकोइशी, अब दुनिया की सबसे उम्रदराज नाई हैं. 108 साल की उम्र में भी अपने सैलून में उनकी अंगुलियां तेजी से कैंची चलाती हैं. शुक्रवार को उन्हें दुनिया की सबसे उम्रदराज नाई का सर्टिफिकेट दिया गया. यह प्रमाण पत्र गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने दिया.
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए हाकोइशी ने कहा कि यह सर्टिफिकेट बीते नौ दशकों के उनके सभी ग्राहकों को समर्पित है, "मैं इतनी दूर तक अपने ग्राहकों की बदौलत ही पहुंची हूं."
पूर्वी जापान के नाकागावा कस्बे में हुए अवॉर्ड समारोह में वह अपनी 85 साल की बेटी और 81 साल के बेटे के साथ आई थीं. वह अभी काफी स्वस्थ नजर आती हैं. इस दौरान शितसुई ने कहा, "मैं बहुत ही खुश हूं. मेरा दिल आनंद से भरा है."
उनसे पहले सबसे उम्रदराज नाई का खिताब एंथनी मानसिनेली के नाम था. वह न्यूयॉर्क में काम करते थे. 107 की उम्र तक काम करने वाले मानसिनेली अब इस दुनिया में नहीं हैं.
अपने बेटे के साथ गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का सर्टिफिकेट लेतीं शितसुई हाकोइशीतस्वीर: Guinness World Records/dpa/picture alliance
क्या क्या देखा 108 साल की हाकोइशी ने
हाकोइशी बताती हैं कि उन्होंने बाल काटने का काम 14 साल की उम्र में टोक्यो में सीखना शुरू किया. 20 की उम्र में उन्हें पेशवर नाई का सर्टिफिकेट मिल गया. इसके बाद उनकी शादी हो गई और फिर पति पत्नी ने टोक्यो में ही एक हेयर कटिंग सैलून खोला. 1937 में शुरू हुए जापान चीन युद्ध के दौरान हाकोइशी के पति को लड़ने के लिए सेना में शामिल कर लिया गया. भीषण जंग में वह मारे गए.
इस धक्के के बाद हाकोइशी ने दोनों बच्चों को लालन पालन अकेले किया और टोक्यो में अपना सैलून भी संभाला. लेकिन कोशिशें भी अगली जंग की भेंट चढ़ गईं. दूसरे विश्वयुद्ध को याद करते हुए वह कहती हैं, "टोक्यो पर अमेरिकी सेना की बमबारी से हमारा घर राख में तब्दील हो गया."
जान बचाने के लिए हाकोइशी बच्चों के साथ टोक्यो से अपने गांव नाकागावा लौटीं. फिर आठ साल के इंतजार के बाद उन्होंने नाकागावा में रिहात्सु हाकोइशी नाम का सैलून खोला. जापानी भाषा में रिहात्सु का अर्थ नाई होता है.
हाकोइशी से जब आगे के जीवन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पहले तो इस साल 109वां जन्मदिन है और फिर "110 तक कड़ी मेहनत से काम करना है."
ओएसजे/आरपी (एएफपी, एपी)
शार्कों की एक विलक्षण प्रजाति है, ग्रीनलैंड शार्क. खूब बड़ी, खूब भारी और काफी सुस्त ग्रीनलैंड शार्क खूब जीते हैं. इनकी जिंदगी 500 साल लंबी हो सकती है. वो क्या चीज है, जो इस जीव को इतना दीर्घायु बनाती है?
तस्वीर: Julius Nielsen/dpa/picture alliance
शार्क, जिसके नाम में ही है ऊंघना
ग्रीनलैंड शार्क के कई प्रचलित नाम हैं, जैसे स्लीपर शार्क और ग्रे शार्क. वैज्ञानिकों का दिया नाम है, सोम्नीओसस माइक्रोसैफलस. इसका मतलब है, स्मॉलहेड स्लीपर. ये बहुत ही ज्यादा सुस्त होते हैं, सबसे धीमा तैरने वाले शार्कों में से एक. सेंट लॉरेंस शॉर्क ऑब्जरवेट्री के मुताबिक, इनकी औसत रफ्तार 0.3 मीटर प्रति सेकेंड है. ये आमतौर पर ग्रीनलैंड, आइसलैंड, नॉर्वे और कनाडा में पाए जाते हैं.
ग्रीनलैंड शार्क को रहने के लिए दो किस्म का माहौल बड़ा भाता है. बर्फीला पानी और समंदर की गहराई. यह माइनस 2 से माइनस 7 डिग्री सेल्सियस के तापमान में रह सकती है. नैशनल ओशन सर्विस के मुताबिक, ये शार्क की अकेली प्रजाति है जो आर्कटिक के ठंडे पानी को सालभर बर्दाश्त कर सकती है. गहराई में पहुंचने की ताकत तो पूछिए मत. ये 6,500 फीट तक की गहराई में गोता लगा सकते हैं.
तस्वीर: Doug Perrine/Bluegreen Pictures/IMAGO
बहुत धीमे-धीमे बढ़ता है आकार
इनकी लंबाई यूं बढ़ती है, मानो शरीर को कोई जल्दी ना हो. सालभर में एक सेंटीमीटर से भी कम. हालांकि, बढ़ते-बढ़ते ये 21 फीट तक पहुंच सकते हैं. इनकी लंबाई बढ़ने की रफ्तार मापना जरा टेढ़ी खीर है. इसलिए कि ग्रीनलैंड शार्क दोबारा बहुत दुर्लभ ही हाथ लगता है. नैशनल जिओग्रैफिक के मुताबिक, 1936 में इसके एक सदस्य को वैज्ञानिकों ने टैग लगाया था. 16 साल बाद वो फिर मिला, तो बस 2.3 इंच ही बढ़ा था.
तस्वीर: Doug Perrine/Bluegreen Pictures/IMAGO
जहरीला होता है इनका मांस
ग्रीनलैंड शार्क का मांस ताजा हो, तो जहरीला होता है. ओशन कंजरवेंसी के मुताबिक, इनका मांस खाने पर इंसानों और कुत्तों में वैसा असर देखा गया मानो शराब पी हुई हो. पहले लिवर ऑइल के लिए इनका शिकार किया जाता था, लेकिन 1960 के दशक में यह खत्म हो गया. अब तक की जानकारी में केवल स्पर्म व्हेल ही इनका शिकार करते हैं.
तस्वीर: Sergei Kulikov/AFP/Getty Images
नजर कमजोर होती है इनकी
नैशनल जिओग्रैफिक के मुताबिक, एक खास तरह के पैरासाइट के कारण ज्यादातर ग्रीनलैंड शार्कों की नजर कमजोर होती है. पैरासाइट इसकी आंखों से चिपककर कॉर्निया को नुकसान पहुंचाते हैं. हालांकि, अपनी बाकी इंद्रियों की मदद से बर्फीली परत के नीचे घने अंधेरे में भी इन्हें कोई खास दिक्कत नहीं होती.
तस्वीर: Julius Nielsen/dpa/picture alliance
इतना लंबा कैसे जीते हैं ग्रीनलैंड शार्क
कुछ साल पहले वैज्ञानिकों को इस प्रजाति की एक मादा सदस्य मिली, जिसकी उम्र 400 साल थी. वैज्ञानिक जानते हैं कि ये और भी ज्यादा, करीब 500 साल तक जी सकते हैं. इतनी लंबी उम्र की वजह अब जाकर पता चली है. इसी महीने 'बायो आर्काइव' नाम के जर्नल में छपे शोध के मुताबिक, दीर्घायु होने का जवाब इनके डीएनए में छिपा है.
तस्वीर: Louise Murray/Photoshot/Ocean Images/picture alliance
नकलची जीन्स से फायदा!
वैज्ञानिकों ने पाया कि ग्रीनलैंड शार्कों में बहुत बड़े जीनोम हैं. इनके शरीर में करीब 650 करोड़ डीएनए "बेस पेअर" होते हैं. इंसानों में यह संख्या लगभग 300 करोड़ ही होती है. ग्रीनलैंड शार्क के विशाल जीनोम में एक बड़ा हिस्सा रीपीटिंग जीन्स से बना है. इन "ट्रांसपोजेबल एलिमेंट्स" को सेल्फिश जेनेटिक एलिमेंट्स या पैरासिटिक डीएनए भी कहते हैं.
तस्वीर: Louise Murray/IMAGO
बेस पेअर क्या होता है?
आपने अगर डीएनए की तस्वीरें देखी हो, तो उसमें एक घुमावदार सीढ़ीनुमा आकृति होती है. इस सीढ़ी के दो लंबे डंडों के बीच जो पांव रखने वाले डंडे होते हैं, वो बेस पेअर को दर्शाते हैं. इन्हीं से जेनेटिक कोड बनता है. ये जिस सीक्वेंस में होंगे, उसी के आधार पर एक खास प्रोटीन बनेगा. ये ही प्रोटीन हमारे शरीर की अनूठी संरचना बनाते हैं.
तस्वीर: Kiyoshi Takahase Segundo/PantherMedia
ट्रांसपोजेबल एलिमेंट्स
पैरासिटिक डीएनए, ऐसे अनुवांशिक हिस्से हैं जो जीनोम के अन्य जीन्स की कीमत पर अपना प्रसार बढ़ा लेते हैं. रुअर यूनिवर्सिटी, बोखुम की प्रेस रिलीज के मुताबिक, ग्रीनलैंड शार्कों में 70 फीसदी से ज्यादा जीनोम ऐसे ही ट्रांसपोजेबल एलिमेंट्स से बना है. आमतौर पर जीन्स का इतना ज्यादा दोहराव जीनोम की स्थिरता को कम कर सकता है, लेकिन ग्रीनलैंड शार्क का केस दिलचस्प है.
तस्वीर: Stanislav Rishnyak/Zoonar/picture alliance
डीएनए रीपेयरिंग में निभा रहे हैं भूमिका
इन शार्कों के जीनोम में इतने ज्यादा दोहराव से उनकी उम्र कम होती नजर नहीं आती. बल्कि, पाया गया कि कई डुप्लीकेटेड (नकल या प्रतिकृति) जीन्स डीएनए के नुकसान की मरम्मत का काम कर रहे हैं. हमारी हर एक कोशिका में, हर दिन हजारों बार डीएनए क्षतिग्रस्त होते हैं और विशेष मॉलिक्यूलर मैकेनिज्म्स लगातार उनकी मरम्मत करते हैं.
तस्वीर: Roman Ivashchenko/PantherMedia/IMAGO
कहां के रिसर्चर हैं शामिल
रुअर यूनिवर्सिटी के मुताबिक, जीनोमों के तुलनात्मक अध्ययनों में पाया गया है कि लंबा जीने वाली प्रजातियों में डीएनए की यह मरम्मत असाधारण रूप से प्रभावशाली होती है. ग्रीनलैंड शार्कों की लंबी उम्र के राज खोलती इस स्टडी के मुख्य लेखक आर्ने जा, जर्मनी की रुअर यूनिवर्सिटी बोखुम के बायोलॉजी और बायोटेक्नॉलजी विभाग में प्रोफेसर हैं.
तस्वीर: Stanislav Rishnyak/Zoonar/picture alliance
विकासक्रम में हाथ लगा एक तोड़!
आर्ने जा और उनके सहकर्मियों का अनुमान है कि ग्रीनलैंड शार्कों के इतना दीर्घायु होने में सेल्फिश जीन्स के विस्तार की भूमिका हो सकती है. टीम का अनुमान है कि क्रमिक विकास के दौरान ग्रीनलैंड शार्कों को ट्रांसपोजेबल एलिमेंट्स द्वारा डीएनए की स्थिरता पर पड़ने वाले नकारात्मक असर का तोड़, या कहें कि संतुलन बनाने का एक तरीका मिल गया. और ये तरीका है, ट्रांसपोजेबल एलिमेंट्स की मशीनरी को ही अगवा कर लेना.
शोध में ग्रीनलैंड शार्कों के भीतर प्रोटीन पी53 में भी एक खास फेरबदल मिला. इसे "गार्डियन ऑफ दी जीनोम" भी कहा जाता है क्योंकि ये क्षतिग्रस्त डीएनए की मरम्मत कर अनुवांशिक स्थितरता बनाए रखने में बेहद अहम है. इंसानों और अन्य प्रजातियों के भीतर डीएनए में हुए नुकसानों की देखरेख के मामले में यह एक नियंत्रण केंद्र जैसी भूमिका निभाता है. इसे "ट्यूमर सप्रेसर" भी कहा जाता है.
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसीन के मुताबिक, पी53 की गतिविधि ट्यूमरों को बनने से रोकती है. अगर किसी इंसान को अपने माता-पिता से मिले जीन्स में पी53 जीन की एक ही सक्रिय कॉपी मिले, तो उसे कैंसर होने की आशंका बहुत बढ़ जाती है. यानी, लंबी उम्र के लिए यह बहुत अहम जीन है. हालांकि, ग्रीनलैंड शार्कों के भीतर पी53 के खास बदलाव उसकी लंबी उम्र में क्या भूमिका निभाते हैं, इसे समझने के लिए और रिसर्च की जरूरत है.