जेनसन हुआंग: कैसे एनवीडिया ने अपना रॉकस्टार सीईओ खो दिया
१३ नवम्बर २०२६
बुधवार देर रात एनवीडिया के बोर्ड की बैठक हुई. इसमें सीईओ जेनसन हुआंग के भविष्य पर फैसला लिया गया. यह बैठक तब हुई जब उनके दूसरे विवाहेतर संबंध की खबरें सामने आईं. इस बार यह संबंध कंपनी की ही एक कर्मचारी के साथ था.
दुनिया की सबसे मूल्यवान चिप आपूर्तिकर्ता कंपनी ने गुरुवार सुबह जारी एक बयान में कहा कि हुआंग ने कंपनी के प्रेसिडेंट, सीईओ और बोर्ड सदस्य के पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है. कंपनी ने यह भी बताया कि मौजूदा वाइस प्रेसिडेंट और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी दी गई है.
एनवीडिया के नियमों के मुताबिक, कंपनी के 11 निदेशकों के बहुमत वोट से हुआंग को "किसी कारण के साथ या बिना किसी कारण के” हटाया जा सकता है.
न्यूयॉर्क टाइम्स ने सबसे पहले इस ताजा विवाद की खबर दी. अखबार के मुताबिक, 63 वर्षीय हुआंग का एनवीडिया की एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ विवाहेतर संबंध था, जो सीधे उन्हें रिपोर्ट करती थीं. दोनों ही शादीशुदा हैं. हुआंग की पत्नी का नाम लोरी है, जिनसे उन्होंने 1985 में शादी की थी.
यह नया खुलासा तब हुआ है, जब इसके ठीक तीन दिन पहले ही हुआंग ने एक चीनी महिला के साथ अपने संबंधों को स्वीकार किया था. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि वह महिला चीन के लिए जासूसी कर रही थी.
एलिस हुआंग नाम की यह महिला (जेनसन हुआंग से उनका कोई पारिवारिक संबंध नहीं है) सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी ‘मेगास्पीड' की पूर्व अधिकारी हैं. यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के डेटा सेंटर चलाती है और एनवीडिया की एक प्रमुख क्लाइंट है.
अमेरिकी सरकार इस स्टार्टअप की जांच कर रही है. शक है कि उसने चोरी-छिपे अपने कुछ एनवीडिया चिप चीन भेजे, जो उच्च क्षमता वाले सेमीकंडक्टर के निर्यात पर अमेरिकी पाबंदियों का उल्लंघन है.
एनवीडिया के इन अत्याधुनिक प्रोसेसर का इस्तेमाल बड़े एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने और चलाने में होता है. इन्हीं मॉडल की मदद से चैटबॉट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े दूसरे उत्पाद काम करते हैं.
मेगास्पीड ने इन आरोपों से इनकार किया है. कंपनी ने गुरुवार को कहा कि वह अमेरिकी जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करेगी. जासूसी के आरोपों का सामना कर रही एलिस हुआंग को सिंगापुर और ताइवान में प्रवेश करने से रोक दिया गया है. ताइवान चिप बनाने का एक प्रमुख केंद्र है.
हालांकि, पहला विवाद सामने आने पर एनवीडिया का बोर्ड अपने सीईओ के साथ खड़ा दिखा था, लेकिन बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस दूसरे विवाद ने कंपनी की साख को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचाया है. बता दें कि मार्केट वैल्यू के हिसाब से एनवीडिया दुनिया की टॉप तीन कंपनियों में से एक है.
एनवीडिया के सीईओ के तौर पर हुआंग की जगह कौन ले सकता है?
द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, हुआंग औपचारिक रूप से उत्तराधिकारी चुनने की योजना में विश्वास नहीं रखते. इसलिए, कंपनी को अचानक फैसला लेना पड़ा और एनवीडिया ने सीएफओ कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त कर दिया.
ब्लूमबर्ग ने बुधवार को रिपोर्ट दी कि एनवीडिया का बोर्ड स्थायी उत्तराधिकारी खोजने के लिए सलाहकारों के साथ काम कर रहा है.
क्रेस के अलावा, एनवीडिया के कई वरिष्ठ अधिकारियों और हुआंग के परिवार के सदस्यों को भी उनके संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है. इनमें उनकी बेटी मैडिसन शामिल हैं, जो प्रोडक्ट मार्केटिंग की वरिष्ठ निदेशक हैं, और बेटा स्पेंसर, जो कंपनी के रोबोटिक्स विभाग में कार्यरत हैं.
लंबे समय के लिए इस पद पर किसे नियुक्त किया जाएगा, इसे लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. भारत के चैनल सीएनबीसी-टीवी18 पर येल स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के जेफ्री सोनेनफेल्ड ने एप्पल के पूर्व सीईओ टिम कुक और गूगल के पूर्व सीईओ एरिक श्मिट के नाम सुझाए हैं.
हुआंग के जाने से एनवीडिया पर क्या असर पड़ेगा?
इन विवादों ने एनवीडिया की मार्केट वैल्यू को काफी नुकसान पहुंचाया है. रविवार को विवाहेतर संबंधों का पहला मामला सामने आने के बाद से, कंपनी की मार्केट वैल्यू 600 अरब डॉलर से भी ज्यादा गिरकर 4.2 ट्रिलियन डॉलर पर आ गई है.
गुरुवार को बाजार खुलने से पहले एनवीडिया के शेयरों में 9 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई. इससे पहले इसी हफ्ते शेयर 10 फीसदी तक गिर चुके थे. कुछ विश्लेषकों का मानना है कि निकट भविष्य में कंपनी के शेयरों पर दबाव बना रह सकता है.
सिर्फ एक महीने पहले ही एनवीडिया के शेयर अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए थे, क्योंकि अमेरिका की बड़ी टेक कंपनियां एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर अरबों डॉलर खर्च करने की घोषणा कर रही थीं.
एनवीडिया के अत्याधुनिक चिप की मांग बहुत अधिक है. इसलिए, बाजार के कई जानकारों का मानना है कि निकट भविष्य में बिक्री पर इसका बहुत कम असर पड़ेगा.
अमेरिका स्थित मर्चेंट बैंक ‘यॉर्कविले आइव्स' के पार्टनर, सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर और टेक विश्लेषक डैन आइव्स ने कहा, "जेनसन हुआंग एनवीडिया की सफलता की कहानी की जान हैं... लेकिन कंपनी और उसकी बेहतरीन जीपीयू तकनीक आगे भी बनी रहेगी. उनके जाने से एआई क्रांति और चिप की होड़ में एनवीडिया की मजबूत स्थिति पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा.”
विश्लेषकों को सबसे बड़ा खतरा कंपनी की रणनीति और उसे लागू करने की क्षमता पर पड़ने वाले असर से दिखता है. आखिर हुआंग ही तय करते थे कि एनवीडिया को किन योजनाओं में बड़े पैमाने पर निवेश करना चाहिए और पूरी कंपनी को उन पर काम करने के लिए तैयार करते थे.
उनके अचानक पद छोड़ने से चिप डिजाइन करने वाली इस कंपनी के मजबूत संबंधों पर भी असर पड़ सकता है. ये संबंध, एआई क्षेत्र की बड़ी कंपनियों, ताइवान की चिप निर्माता कंपनी टीएसएमसी और दूसरे देशों की सरकारों के साथ हैं. इनमें चीन खास तौर पर शामिल है.
अमेरिका के चिप निर्यात नियमों के मामले में हुआंग एनवीडिया के मुख्य पैरवीकार थे. पिछले साल उन्होंने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को चीन के खिलाफ कुछ प्रतिबंधों में ढील देने के लिए मनाया था.
एनवीडिया जैसी कंपनियों का तथाकथित ‘रॉकस्टार सीईओ' पर निर्भर रहना कितना खतरनाक है?
हुआंग को अक्सर ‘रॉकस्टार सीईओ' कहा जाता है, क्योंकि वे सूट के बजाय लेदर जैकेट पहनते हैं. टेस्ला और स्पेसएक्स के इलॉन मस्क की तरह हुआंग को भी कंपनी के लिए ‘की-पर्सन रिस्क' यानी एक अहम व्यक्ति पर निर्भरता का जोखिम माना जाता था. इसकी वजह यह थी कि एनवीडिया की पहचान, रणनीति और तकनीकी फैसले काफी हद तक उन्हीं से जुड़े थे.
हुआंग ने तीन दशकों से भी अधिक समय तक कंपनी का नेतृत्व किया. प्रोडक्ट आर्किटेक्चर और इंजीनियरिंग से जुड़े फैसलों में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए उनका काफी सम्मान भी किया जाता था. उन्होंने एक ‘फ्लैट मैनेजमेंट स्ट्रक्चर' पर जोर दिया, जिसमें लगभग 60 अधिकारी सीधे उन्हें रिपोर्ट करते थे.
हुआंग ने कंपनी को इस तरह चलाया है कि उसके तकनीकी फैसले और उत्पादों से जुड़े निर्णय काफी हद तक उन्हीं की सोच पर निर्भर रहे हैं. ऐसे में निवेशकों को शायद अंदाजा भी नहीं है कि उनके बिना कंपनी कैसे काम करेगी.
हालांकि, अब एनवीडिया वैसी छोटी स्टार्टअप कंपनी नहीं है, जिसे हुआंग ने 1993 में शुरू किया था. चिप डिजाइन और सॉफ्टवेयर में कंपनी ने काफी महारत हासिल कर ली है. इससे उसने अपनी मजबूत पकड़ बना ली है, जो उसे भारी मुनाफा दिलाने में मदद करती है. पिछले साल कंपनी का मुनाफा 120.1 अरब डॉलर से अधिक रहा था.
कुछ विश्लेषकों का मानना है कि एआई से जुड़े हार्डवेयर के बड़े पैमाने पर निर्माण में एनवीडिया की अहम भूमिका है. इसलिए, कंपनी अब रोजमर्रा के कामकाज में हुआंग के योगदान पर पहले जितनी निर्भर नहीं है.
हुआंग के जाने से अमेरिका-चीन के बीच एआई को लेकर मची होड़ पर क्या असर पड़ेगा?
एआई के क्षेत्र में दबदबा बनाने की वैश्विक दौड़ में चीन, अमेरिका की बराबरी करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहा है. चीन के एआई मॉडल भले ही चैटजीपीटी और क्लॉड जैसे अमेरिकी मॉडल से पीछे रहे हों, लेकिन डीपसीक, अलीबाबा और मूनशॉट के हालिया अपडेट ने यह अंतर काफी कम कर दिया है. बेंचमार्क टेस्ट में उनका प्रदर्शन अब अमेरिकी प्रतिद्वंद्वियों के करीब पहुंच गया है. लागत और गति के मामले में तो वे अक्सर अमेरिकी मॉडलों से बेहतर साबित होते हैं.
बीजिंग, अमेरिकी हार्डवेयर पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए घरेलू चिप और डेटा सेंटरों में भी भारी निवेश कर रहा है. वहीं, अमेरिका ने चीन को एनवीडिया की सबसे एडवांस एआई चिप के निर्यात पर रोक लगा दी है. हालांकि, इस कदम से चीन के एआई लक्ष्यों की रफ्तार केवल थोड़ी धीमी हुई है.
रॉयटर्स ने गुरुवार को बताया कि चीन की एआई कंपनियां अब चीन के बाहर बने डेटा सेंटरों में एनवीडिया चिप से चलने वाली कंप्यूटिंग सुविधा किराये पर लेने की कोशिश कर रही हैं. उन्हें डर है कि अमेरिका एडवांस चिप पर पाबंदियां और सख्त कर सकता है.
इसके अलावा, गुरुवार को बीजिंग ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह एनवीडिया से जुड़े जासूसी के आरोपों का इस्तेमाल चीन पर तकनीकी ‘नाकेबंदी' लगाने के बहाने के तौर पर कर रहा है.
अगले हफ्ते दक्षिणी चीन के शेनजेन में एपीईसी की बैठक होने वाली है. संभावना जताई जा रही है कि बैठक में ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच होने वाली बातचीत में यह मुद्दा छाया रहेगा.