ऑडियो रिकॉर्डिंग ने बताया, कैसे हुआ स्पेन में इतना बड़ा रेल हादसा
२९ अक्टूबर २०२६
स्पेन के मीडिया ने रेल कंट्रोल सेंटर और दोनों हाई स्पीड ट्रेनों के ड्राइवरों के बीच हुई बातचीत को लेकर कई रिपोर्टें छापी हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, बुधवार को दक्षिणी स्पेन के उर्दा में दो हाई स्पीड ट्रेनों की टक्कर,कंट्रोल सेंटर की लापरवाही से हुई. स्पैनिश मीडिया ने रेडियो कम्युनिकेशन पर हुई बातचीत के ऑडियो के आधार पर यह दावा किया है. बुधवार सुबह करीब नौ बजे हुए इस हादसे में कम से कम 69 लोगों की मौत हो गई. दर्जनों घायलों का इलाज चल रहा है. यूरोपीय संघ में इसी साल स्पेन में दो बड़े रेल हादसे हुए हैं.
स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने हादसे के लिए रेल कंट्रोल सेंटर के गलत फैसले को जिम्मेदार ठहराया है. पुएंते के मुताबिक, कंप्यूटर सिस्टम के नाकाम होने की वजह से ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम काम नहीं कर रहा था, इसके बावजूद कंट्रोल सेंटर ने हाई स्पीड रेनफे ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दी.
क्या कहती है रेडियो पर हुई बातचीत
रेडियो चैनल की ऑडियो रिकॉर्डिंग के मुताबिक, टक्कर मारने वाली हाई स्पीड रेनफे ट्रेन के ड्राइवर ने दुर्घटनास्थल से 25 किलोमीटर पहले, रेल कंट्रोल सिस्टम से आगे बढ़ने के बारे में पूछा. जवाब में राजधानी मैड्रिड स्थित कंट्रोल सेंटर ने कहा, "सामान्य संचालन जारी रखिए."
ड्राइवर ने इसके बाद फिर पूछा, "सामान्य संचालन?" मैड्रिड स्थित कंट्रोल सेंटर से जवाब मिला, "हां."
स्पेन के सार्वजनिक प्रसारक RTVE के मुताबिक, दुर्घटना वाले सेक्शन में ट्रेनों को 200 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने की अनुमति है. सामान्य संचालन, यानी 200 किमी प्रतिघंटे वाली गतिसीमा में चलना. स्पैनिश अखबार एल पायस ने एक सरकारी सूत्र के हवाले से कहा कि रेनफे ट्रेन को अधिकतम 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आगे बढ़ने की अनुमति दी जानी चाहिए थी. साथ ही यह भी बताया जाना चाहिए था कि वह तब तक धीमे धीमे आगे बढ़े, जब तक सामने का ट्रैक खाली हो. लेकिन उसी ट्रैक पर 25 किलोमीटर आगे प्राइवेट कंपनी इर्यो की हाई स्पीड ट्रेन भी खड़ी थी.
तेज रफ्तार ट्रेन ने मिनटों में पाटा 25 किलोमीटर का फासला
रिपोर्टों के मुताबिक, इर्यो ट्रेन के ड्राइवर से भी सामान्य संचालन की तरह चलने के लिए कहा गया था. जवाब में इर्यो की महिला ड्राइवर ने कहा कि सिस्टम रिस्टार्ट नहीं हो रहा है, "इसीलिए मैं, उर्दा के प्रवेश सिग्नल पर रुकी हूं."
इस जानकारी के बाद कंट्रोल सेंटर ने कहा, "ठीक है, अगर कोई भी दिक्कत हो तो हमें कॉल करें."
इस बातचीत के दौरान कंट्रोलर यह याद नहीं रख सके कि वे कुछ देर पहले पीछे से आ रही रेनफे ट्रेन को सामान्य तरीके से आगे बढ़ने की अनुमति दे चुके हैं. इर्यो की ट्रेन ड्राइवर और कंट्रोल सेंटर की बातचीत के पांच मिनट बाद ही रेनफे ट्रेन ने पीछे से इर्यो को टक्कर मार दी.
हादसे में इर्यो के दो डिब्बे पूरी तरह पटरी से उतर गई और एक बोगी लटक गई. स्पेन में जनवरी 2026 के बाद यह दूसरा बड़ा रेल हादसा है.