दूसरों को देखकर बदलने वालों पर क्या कहता है विज्ञान
२३ नवम्बर २०२६
लाल बत्ती पर ज्यादातर लोग रुकते हैं, बेशक पूरी सड़क खाली हो. लेकिन तब क्या जब उनके साथ खड़ा इंसान सामने से लाल बत्ती तोड़ता हुआ गुजर जाए.
एक नया अध्ययन बताता है कि ऐसे समय में उनके भी ऐसा करने की संभावना बढ़ जाती है. एम्स्टर्डम विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में किए गए एक ऑनलाइन प्रयोग में, जिन लोगों ने अपने राजनीतिक खेमे के किसी व्यक्ति को नियम तोड़ते हुए देखा हो, उनके भी ऐसा करने की संभावना लगभग दोगुनी बढ़ जाती है. हालांकि, किसी व्यक्ति को नियमों का पालन करते हुए देखने से शायद ही कोई फर्क पड़ा.
कुछ लोग तो महज नकल करने से भी आगे बढ़ गए. उन्होंने सामने वाले इंसान के मुकाबले ज्यादा नियम तोड़े. इस शोध का नेतृत्व करने वाले शोधकर्ता और एम्स्टर्डम विश्वविद्यालय में विकासात्मक मनोविज्ञान के सहायक प्रोफेसर लुकास मोलेमन के अनुसार, गलत व्यवहार करने वाले कुछ लोग ‘पूरे समूह की सुरक्षा सीमाओं को हटा सकते हैं.'
यह शोध कैसे किया गया और इसकी सीमाएं क्या हैं
शोधकर्ता जानना चाहते थे कि दूसरे लोगों के फैसलों को देखकर किसी व्यक्ति के नियमों का पालन करने या न करने पर क्या प्रभाव पड़ता है. इसके लिए उन्होंने 750 अमेरिकी वयस्कों को अध्ययन में शामिल किया. इनमें लगभग आधे डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थक थे और आधे रिपब्लिकन पार्टी के. यह प्रयोग 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से एक हफ्ते पहले किया गया था.
प्रतिभागियों ने एक वीडियो देखा, जिसमें एक चमकता हुआ तारा 100 खानों के ऊपर से गुजर रहा था. उन्हें उस खाने पर क्लिक करना था, जहां तारा सबसे ज्यादा चमकता था. सही जवाब हमेशा बीच वाले खाने के आसपास होता था. लेकिन दाईं तरफ के खानों को चुनने पर ज्यादा पैसे मिलते थे यानी लोगों के पास चीटिंग करने की वजह थी.
सबसे पहले, हर व्यक्ति ने अपना जवाब चुना. इसके बाद उन्हें दिखाया गया कि उनसे पहले आए इंसान ने क्या चुना था. उस इंसान ने नियम का पालन किया था, थोड़ा नियम तोड़ा था या पूरी तरह नियम तोड़ दिया था और वह किस राजनीतिक पार्टी का समर्थक था. इसके बाद प्रतिभागियों को अपना जवाब बदलने का मौका दिया गया. यह प्रक्रिया कुल छह बार दोहराई गई.
इस प्रयोग में कोई असल चीज दांव पर नहीं लगी थी और ना ही धोखा देने पर कोई सजा मिलनी थी. दूसरे शोधकर्ताओं का मानना है कि यह एक जरूरी मानक है. पेन्सिल्वेनिया विश्वविद्यालय के व्यवहार संबंधी अर्थशास्त्री ऑयगन डिमांट इस अध्ययन में शामिल नहीं थे. उन्होंने साइंस न्यूज से कहा, "दुनिया इस तरह काम नहीं करती.” उनका कहना है कि सजा और सामाजिक दबाव, हमारे नियम तोड़ने के फैसलों को पराभावित करते हैं.
क्या नियम तोड़ना घातक है?
प्रयोग में लोगों के बीच नियम तोड़ने की आदत फैलती हुई दिखाई दी. जब लोगों ने खुद फैसला किया, तो लगभग 23 फीसदी लोगों ने सबसे दाईं ओर वाला खाना चुना यानी जिसे चुनने पर सबसे ज्यादा पैसे मिलते. अपनी राजनीतिक पार्टी के किसी व्यक्ति को ऐसा करते देखा, तो लगभग 40 फीसदी लोगों ने भी वही विकल्प चुना.
छोटे-मोटे नियम तोड़ने का असर कम होता है. लेकिन खुलेआम नियम तोड़ने का असर कहीं ज्यादा बड़ा था.
ज्यादातर लोगों ने वह चुना, जो उन्होंने दूसरों को चुनते हुए देखा था. लेकिन लगभग चार फीसदी लोग उस व्यक्ति से भी आगे बढ़ गए, जिसे उन्होंने ऐसा करते हुए देखा था.
क्या अच्छे आदर्श लोगों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हैं?
अच्छे उदाहरण का लोगों पर बहुत कम असर पड़ा. जब प्रतिभागियों ने किसी दूसरे व्यक्ति को नियमों का पालन करते हुए देखा, तो इससे उनके व्यवहार में शायद ही कोई बदलाव आया. फिर भले ही वह व्यक्ति उनकी अपनी राजनीतिक पार्टी का समर्थक ही क्यों न हो.
लोगों के व्यवहार में भी अंतर देखा गया. कुछ लोग हर बार नियमों का पालन करते थे, जबकि कुछ लोग हर बार नियम तोड़ते थे. जबकि बाकी लोगों ने दूसरों को देखकर अपना तरीका बदल लिया.
क्या लोग तब नियम तोड़ने की अधिक संभावना रखते हैं, जब उनके अपने राजनीतिक खेमे के लोग ऐसा करते हैं?
जब लोगों ने अपने ही राजनीतिक खेमे के किसी व्यक्ति को नियम तोड़ते हुए देखा, तो उनके भी वैसा ही करने की संभावना बढ़ गई. यह असर तब और भी ज्यादा था, जब जिस व्यक्ति को वे देख रहे थे, उसकी राजनीतिक सोच उनसे मिलती-जुलती थी.
हालांकि, हर कोई इसे बुरे व्यवहार का फैलना नहीं मानते. स्कॉटलैंड की सेंट एंड्रयूज यूनिवर्सिटी के सामाजिक मनोवैज्ञानिक स्टीफन रीचर इस अध्ययन में शामिल नहीं थे. लेकिन उन्होंने ‘द गार्डियन' से कहा कि अगर किसी व्यक्ति पर दूसरे का प्रभाव इस बात पर निर्भर करता है कि वह दूसरा व्यक्ति कौन है, तो यह इतनी भी तेजी से नहीं फैल सकता. उन्होंने बताया कि जो लोग दंगे होते हुए देखते हैं, उनमें से कई लोग बाद में वहां सफाई करने भी पहुंचते हैं.
एक खराब सेब सारे सेबों को खराब कर सकता है?
यह समझने के लिए कि लोगों के अलग-अलग फैसले मिलकर पूरे समूह को कैसे प्रभावित कर सकते हैं, शोधकर्ताओं ने कंप्यूटर पर कुछ प्रयोग किए. उन्होंने हर प्रतिभागी का एक डिजिटल रूप बनाया और उन्हें 100 लोगों के समूह में रखा.
कुछ स्थितियों में, नियमों को ज्यादा तोड़ने वाले कुछ लोगों ने पूरे समूह को नियम तोड़ने की ओर धकेल दिया. लेकिन जब कंप्यूटर पर बनाए गए समूहों में नियमों का हमेशा पालन करने वाले लोगों की संख्या असली प्रयोग जितनी ही रखी गई, तो नियम तोड़ने का स्तर एक सीमा पर आकर रुक गया.
असल जिंदगी में इसके क्या मायने हैं?
मोलेमन इस शोध को बुनियादी वैज्ञानिक अध्ययन मानते हैं और उनका कहना है कि असल दुनिया इससे कहीं ज्यादा जटिल है. उनके अनुसार, इसका संबंध ऐसी स्थितियों से हो सकता है, जैसे कई वाहन चालकों का एक साथ तेज गति से गाड़ी चलाना या ऐसे विरोध प्रदर्शन, जो हिंसक हो जाते हैं.
उनका यह भी कहना है कि यह अध्ययन इस बात को चुनौती देता है कि लोग खुद को किस तरह देखते हैं. नीदरलैंड और ब्रिटेन जैसे देशों में, जहां लोग अपनी व्यक्तिगत स्वतंत्रता को अधिक महत्व देते हैं, वहां आमतौर पर लोग मानते हैं कि वे अपने फैसले खुद लेते हैं. लेकिन मोलेमन के अनुसार, कई बार हम दूसरों के व्यवहार से बहुत ज्यादा प्रभावित होते हैं.