अर्जेंटीना को हराकर स्पेन बना वर्ल्ड चैंपियन
२० जुलाई २०२६
स्पेन ने रविवार को अर्जेंटीना को हराकर 2026 फीफा विश्व कप अपने नाम किया. दरअसल स्पेन का धैर्य उसके काम आया. उन्हें मैच की शुरुआत के लिए इंतजार करना पड़ा, जो अन्य कारणों के साथ-साथ टॉम क्रूज के एक भाषण के कारण भी देर से शुरू हुआ.
उन्हें हाफ टाइम के दौरान भी सामान्य से लगभग दोगुना इंतजार करना पड़ा. और फिर उन्हें खेल के 106 मिनट तथा अपने 20वें शॉट तक प्रतीक्षा करनी पड़ी, जब फेरान टोरेस ने जोरदार प्रहार कर वह गोल दागा जिसने स्पेन को उसका दूसरा पुरुष विश्व कप खिताब दिलाया.
रविवार के फाइनल के ज्यादातर समय तक ऐसा महसूस होता रहा कि यह गोल केवल समय की बात है, क्योंकि यूरोपीय चैंपियन स्पेन ने अपने दक्षिण अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी अर्जेंटीना को लगभग हर मामले में पीछे छोड़ दिया था.
फ्रांस के खिलाफ अपने शानदार सेमीफाइनल प्रदर्शन की तरह, स्पेन ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा. स्पेनी टीम के युवा सुपरस्टार लामिन यामाल पाँचवें मिनट में ही गोल करने के बेहद करीब पहुंच गए थे.
इसके कुछ देर बाद, मैदान के दूसरे छोर पर और उम्र के मामले में भी दूसरे छोर पर खड़े लियोनेल मेसी को स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने एक थ्रू बॉल तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया. यह शायद खेल में मेसी का सबसे करिश्माई पल था. 39 वर्षीय मेसी पूरे मुकाबले में कोई बड़ा प्रभाव नहीं छोड़ सके, और संभव है कि यह उनके विश्व कप करियर का आखिरी मैच साबित हो.
फाइनल के साथ फीफा वर्ल्ड कप का समापन हुआ, जिसने कई यादगार क्षण दिए, इनमें केप वर्डे का शानदार प्रदर्शन, टूर्नामेंट और समूचे विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बनने की दौड़ में मेसी और किलियान एम्बाप्पे के बीच मुकाबला, तथा जर्मनी का पैराग्वे से बाहर होना और नॉर्वे द्वारा ब्राजील को हराना जैसी चौंकाने वाली घटनाएं शामिल थीं.