1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें
आपदाभारत

कोलकाता के पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत

१८ अक्टूबर २०२६

कोलकाता के एक पूजा पंडाल के बाहर मची भगदड़ में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है और दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं.

 अस्पताल के बाहर मौजूद पुलिस अधिकारी और एंबुलेंस
दुर्गापूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत तस्वीर: AFP

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के मुताबिक मरने वालों में एक सात साल की लड़की भी है. उन्होंने बताया कि 25 लोग घायल भी हुए हैं. हादसा दुर्गापूजा के लिए बने पंडाल के बाहर हुआ. सुवेंदु अधिकारी का कहना है, "अब तक 6 शवों की पहचान हुई है."
घटनास्थल पर मौजूद एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि रात में बारिश शुरू होने पर लाउड स्पीकर से एक घोषणा के बाद भगदड़ शुरू हुई. पंडाल के बाहर इंतजार में खड़ी भीड़ आगे बढ़ने के लिए धक्का देने लगी. इसी दौरान कुछ लोग जमीन पर गिर गए और भगदड़ मची." 
इसके बाद घटनास्थल पर स्वास्थ्यकर्मियों को घायलों को स्ट्रेचर पर वहां से एक स्थानीय अस्पताल ले जाते देखा गया. इनमें एक पुलिस अधिकारी भी शामिल थे. पीड़ितों के परिजन रोने बिलखने लगे और एक दूसरे को सहारा दे रहे थे. 

कोलकाता में दुर्गा पूजा के लिए बने पंडाल के बाहर भगदड़ मच गई तस्वीर: AFP

प्रधानमंत्री ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर बयान जारी किया है, "कोलकाता की भगदड़ दुखद है. पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं. घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं. पश्चिम बंगाल की सरकार प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करने की कोशिश कर रही है."
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पहले 17 लोगों के मरने की बात कही थी. बाद में समाचार एजेंसी पीटीआई ने मुख्यमंत्री के बाद के बयान का हवाला देकर मरने वालों की बढ़ी संख्या 19 बताई. पीटीआई ने 9 शवों को परिजनों को सौंपे जाने की भी जानकारी दी है. 
पीटीआई ने यह भी खबर दी है कि पुलिस ने पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज हासिल कर लिया है. पुलिस के मुताबिक जिन लोगों पर भीड़ को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी थी उसमें नाकाम रहने वालों की पहचान की जा रही है. 
घटनास्थल पर भगदड़ से पहले शूट किए वीडियो में पंडाल के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिख रही है जो अंदर घुसने के इंतजार में हैं. इंडियन एक्सप्रेस अखबार के मुताबिक अंदर घुसने का रास्ता संकरा था जिसमें से एक बार में कुछ ही लोग प्रवेश कर सकते थे. 

भगदड़ में घायल हुए लोगों का एक स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है तस्वीर: AFP

पश्चिम बंगाल का सबसे बड़ा त्यौहार

दुर्गापूजा पश्चिम बंगाल का सबसे बड़ा त्यौहार है. इसके लिए बड़े बड़े पूजा पंडाल बनाए जाते हैं. 9 दिन तक चलने वाले त्यौहार के आखिरी तीन दिन सबसे अहम हैं जिनकी शुरुआत सप्तमी यानी सातवें दिन से होती है. 
भारत में भीड़ जुटने के दौरान भगदड़ की घटनाएं अकसर सामने आती हैं. पिछले साल कुंभ मेले के दौरान मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे. इसी तरह बेंगलुरू में प्रीमियर लीग के मुकाबले में स्थानीय टीम की जीत के जश्मन में भी 11 क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ में कुचल कर मौत हुई थी. उसी साल तमिलनाडु में एक राजनीतिक रैली में मची भगदड़ में 36 लोगों की मौत हुई थी. 2024 में उत्तर प्रदेश के एक धार्मिक जलसे में मची भगदड़ ने 121 लोगों की जान ले ली. 

निखिल रंजन निखिल रंजन एक दशक से डॉयचे वेले के लिए काम कर रहे हैं और मुख्य रूप से राजनैतिक विषयों पर लिखते हैं.
डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी को स्किप करें

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें को स्किप करें

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें