1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

मारी-लुईजे एटा बनीं बुंडेसलीगा की पहली महिला मुख्य कोच

रीतिका एपी, एएफपी से इनपुट्स के साथ
१२ अप्रैल २०२६

मारी-लुईजे एटा पुरुषों की जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलीगा में किसी टीम की मुख्य कोच बनने वाली पहली महिला हैं. उन्हें खराब फॉर्म से जूझ रही यूनियन बर्लिन टीम की कोच बनाया गया है.

मारी-लुईजे एटा का तस्वीप
मारी-लुईजे एटा पुरुषों की बुंडेसलीगा की पहली महिला मुख्य कोच बनी हैं. अब उनके सामने टीम के प्रदर्शन को सुधारने की चुनौती है.तस्वीर: Soeren Stache/dpa/picture alliance

यूनियन बर्लिन क्लब ने यह साहसिक कदम लीग में अपनी जगह सुरक्षित रखने के मकसद से उठाया है. इसके साथ ही, एटा यूरोप की बिग फाइव फुटबॉल लीगों की शीर्ष डिवीजनों में किसी पुरुष टीम की कमान संभालने वाली पहली महिला बन गई हैं.

34 वर्षीय एटा श्टेफेन बाउमगार्ट की जगह लेंगी. यूनियन बर्लिन ने आधी रात से ठीक पहले घोषणा की कि श्टेफेन को उनके सहायकों डैनिलो डीसूजा और केविन मैकेना के साथ शनिवार देर रात बर्खास्त कर दिया गया है. यह फैसला आखिरी स्थान पर मौजूद हाइडेनहाइम से टीम की 3-1 की हार के बाद लिया गया.

एटा अभी यूनियन की अंडर-19 पुरुष टीम की कोच थीं. इस महीने की शुरुआत में वह अगले सीजन से यूनियन की महिला टीम की मुख्य कोच का पद संभालने के लिए सहमत हुई थीं. एटा ने क्लब की वेबसाइट से कहा, "तालिका के निचले हिस्से में अंकों के अंतर को देखते हुए बुंडेसलीगा में बने रहना अभी तय नहीं है. मुझे खुशी है कि क्लब ने मुझ पर इस चुनौतीपूर्ण काम के लिए भरोसा किया है. ऐसी स्थितियों में एकजुट होकर लड़ने की हमारी क्षमता यूनियन की ताकतों में से एक हमेशा  रही है. निश्चित रूप से, मुझे विश्वास है कि हम टीम के साथ निर्णायक अंक हासिल करेंगे."

एटा ने इससे पहले 2023 में बुंडेसलीगा और बिग फाइव लीग में पहली महिला सहायक कोच बनकर इतिहास रचा था. 2024 में, जब मुख्य कोच नेनद बियाका को तीन मैचों के लिए निलंबित किया गया था, तब उन्होंने मीडिया ड्यूटी भी संभाली थी.

बिग फाइव लीग में पहली महिला सहायक कोच के बाद अब मुख्य कोच बनकर एटा ने दो कीर्तिमान अपने नाम कर लिए हैं.तस्वीर: Matthias Koch/IMAGO

यूनियन के खेल निदेशक हॉर्स्ट हेल्ट ने एक बयान में कहा, "मुझे खुशी है कि मारी-लुईजे एटा ने महिला टीम की मुख्य कोच बनने से पहले, अंतरिम तौर पर इस भूमिका को निभाने के लिए तैयार हो गई हैं." पूर्व कोच श्टेफेन बाउमगार्ट को 2024-25 के विंटर ब्रेक के दौरान नियुक्त किया गया था, लेकिन हेल्ट ने कहा कि हालिया नतीजों ने क्लब को कड़े कदम उठाने पर मजबूर कर दिया. हेल्ट के अनुसार सीजन का दूसरा भाग पूरी तरह से निराशाजनक रहा है.  साथ ही लीग में जगह पक्की करने के लिए अंकों की सख्त जरूरत है.

हाइडेनहाइम में हार के बाद यूनियन 18 टीमों के डिवीजन में 11वें स्थान पर है. सीजन के केवल पांच राउंड बाकी हैं और वे रेलीगेशन जोन में मौजूद सेंट पाउली से केवल सात अंक आगे हैं. हेल्ट ने आगे कहा, "विंटर ब्रेक के बाद से 14 मैचों में से केवल दो जीत और हाल के हफ्तों में जैसा प्रदर्शन रहा है, उससे हमें यह भरोसा नहीं मिलता कि हम मौजूदा सेटअप के साथ चीजों को बदल सकते हैं. इसलिए हमने एक नई शुरुआत करने का फैसला किया है." यूनियन बर्लिन का अगला मुकाबला अगले सप्ताह वोल्फ्सबुर्ग से होगा, जो खुद भी लीग में टिके रहने के लिए संघर्ष कर रहा है.

छोटी उम्र में सपना है फॉर्मूला 1 चैंपियन बनने का

04:21

This browser does not support the video element.

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी को स्किप करें

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें को स्किप करें