1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें
राजनीतिवेनेजुएला

ट्रंप का दावा: मादुरो को पत्नी समेत पकड़कर वेनेजुएला से लाए

स्वाति मिश्रा एपी, एएफपी, रॉयटर्स
३ जनवरी २०२६

राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर वेनेजुएला से बाहर ले आया है. ट्रंप ने बताया कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑपरेशन का बाकी ब्योरा दिया जाएगा.

जनवरी 2025 में वेनेजुएला की संसद में अपना वार्षिक संबोधन देने पहुंचे राष्ट्रपति निकोलस मादुरो अपनी पत्नी सिलिया फ्लोर्स के साथ
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो अपनी पत्नी सिलिया फ्लोर्स के साथतस्वीर: Federico Parra/AFP

अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला और उसके नेता, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ एक कामयाब ऑपरेशन को अंजाम देने का दावा किया है. ट्रंप के मुताबिक, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर वेनेजुएला से बाहर ले जाया गया है. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर लिखा, "यह ऑपरेशन यूएस लॉ एनफोर्समेंट के साथ मिलकर किया गया." ट्रंप ने बताया कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाकी ब्योरे दिए जाएंगे. 

वेनेजुएला की राजधानी काराकस में 3 जनवरी को तड़के हुए धमाकों से उठती आग और धुआंतस्वीर: REUTERS

ट्रंप के इस नाटकीय एलान से पहले वेनेजुएला की राजधानी काराकस में कई धमाके होने की खबर थी. शनिवार, 3 जनवरी को तड़के कम-से-कम सात धमाकों की गूंज सुनाई दिए. खबरों के अनुसार, काराकस के आसमान में कम ऊंचाई पर उड़ रहे विमान भी नजर आए. इसके बाद खबर आई कि वेनेजुएला की निकोलस मादुरो सरकार ने संयुक्त राज्य अमेरिका पर नागरिक और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने का आरोप लगाया है. वेनेजुएलाई सरकार द्वारा जारी बयान में इसे "बेहद गंभीर सैन्य आक्रमण" ठहराते हुए संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन बताया गया. कथित अमेरिकी हमले के मद्देनजर सरकार ने आपातकाल की घोषणा की है. 

3 जनवरी को तड़के वेनेजुएला की राजधानी काराकस में धमाकों के बाद सड़क पर दौड़ते लोगतस्वीर: Matias Delacroix/AP Photo/picture alliance

राष्ट्रपति मादुरो ने लोगों से साथ देने को कहा है और उनसे सड़क पर उतरने की अपील की है. एक बयान जारी कर कहा गया कि सरकार "देश में सभी सामाजिक और राजनीतिक शक्तियों से अपील करती है" कि वे सैन्य लामबंदी में साथ दें और "इस साम्राज्यवादी हमले को स्वीकार ना करें."

बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति मादुरो ने "देश की रक्षा से जुड़ी सभी योजनाओं को लागू करने का आदेश दिया" और "बाहरी विघ्न की स्थिति" लगाने की घोषणा की. आपातकालीन स्थिति के एलान से राष्ट्रपति को नागरिकों के अधिकार निलंबित करने और सशस्त्र बलों की भूमिका के विस्तार का अधिकार मिल जाता है. 

यह तस्वीर वेनेजुएला की राजधानी काराकस स्थित ला कार्लोता एयरपोर्ट की है. धमाके के बाद यहां से भी धुआं उठता नजर आ रहा है.तस्वीर: Matias Delacroix/AP Photo/picture alliance

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिका ही वेनेजुएला में हमले कर रहा है. अमेरिकी मीडिया आउटलेट'सीबीएस' और 'फॉक्स न्यूज' ने भी ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों के हवाले पुष्टि की है कि वेनेजुएला में हुए कथित हमले में अमेरिकी सेनाएं शामिल हैं. 

हालांकि, इन आरोपों पर अभी तक ना तो वाइट हाउस और ना ही अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन की कोई टिप्पणी आई है. राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप कई महीनों से चेतावनी देते आ रहे थे कि वह वेनेजुएलन भूभाग में ठिकानों को निशाना बनाने का आदेश दे सकते हैं.

अमेरिका की वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई की आशंकाएं तेज

राजधानी काराकस में कई जगह धमाकों की खबर

समाचार एजेंसियों ने चश्मदीदों के हवाले से काराकस के ऊपर विमान देखे जाने और धमाकों की आवाज सुने जाने की रिपोर्ट दी है. राजधानी के दक्षिणी इलाकों में, एक मुख्य मिलिट्री बेस के पास बिजली भी गुल रही. 

कार्मन हिदाल्गो नाम की एक युवा ने धमाकों का ब्योरा देते हुए एपी को बताया, "समूची जमीन कांप गई. यह खौफनाक है. हमने धमाकों की और विमानों की आवाज सुनी." कार्मन अपने दो रिश्तेदारों के साथ एक बर्थडे पार्टी से लौट रही थीं, जब उन्होंने धमाका सुना. कांपती आवाज में उन्होंने कहा, "हमें महसूस हुआ मानो हवा हमपर वार कर रही हो."

रॉयटर्स ने सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो के हवाले से बताया कि काराकस में कई जगह धमाके हुए. हालांकि, इन वीडियोज की सत्यतता की पुष्टि नहीं हो पाई है. अमेरिकी ब्रॉडकास्टर 'सीबीएस' की एक पत्रकार जेनिफर जैकब्स ने एक सोशल पोस्ट में दावा किया कि ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को काराकस में हुए धमाकों की जानकारी है.

कौन छोड़ेगा डोनबास, पुतिन या जेलेंस्की?

03:02

This browser does not support the video element.

ट्रंप प्रशासन और मादुरो सरकार के बीच गहराता गया तनाव

हाल के महीनों में वेनेजुएला और डॉनल्ड ट्रंपप्रशास के बीच तनाव काफी बढ़ा हुआ है. वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर अमेरिका में नार्को स्मगलिंग और मानव तस्करी का आरोप है.मादुरो सरकार को अमेरिका में "फॉरेन टेररिस्ट ऑर्गनाइजेशन" (विदेशी आतंकवादी संगठन) का दर्जा दिया जा चुका है.

इन्हीं आरोपों के क्रम में अमेरिकी सेना सितंबर 2025 से ड्रग्स की तस्करी करने वाली कथित नावों को निशाना बना रही है. अमेरिका ने वेनेजुएलन तट के पास, समुद्र में तेल के प्रतिबंधित टैंकरों को भी जब्त किया. फिर दिसंबर में ही ट्रंप ने वेनेजुएला में घुसने और वहां से निकलने वाले सभी प्रतिबंधित तेल टैंकरों पर नाकेबंदी लगा दी है. यह कदम वेनेजुएला पर आर्थिक दबाव बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

कथित अमेरिकी हमले के बाद वेनेजुएला की निकोलस मादुरो सरकार ने आपातकाल लगाने की घोषणा कीतस्वीर: Cristian Hernandez/AP Photo/dpa/picture alliance

पिछले हफ्ते वेनेजुएला में एक डॉकिंग एरिया पर ड्रोन हमला भी किया गया. आरोप है कि वेनेजुएला के ड्रग कार्टल्स इस जगह को इस्तेमाल करते थे. ज्ञात रूप से, सितंबर में जब से नावों को निशाना बनाने की शुरुआत हुई तब से यह पहली बार था जब वेनेजुएला की धरती पर सीधा ऑपरेशन किया गया हो. इस ड्रोन हमले के पीछे अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए का हाथ बताया गया.

राष्ट्रपति मादुरो का आरोप है कि अमेरिका दबाव बनाकर वहां सरकार बदलना चाहता है और देश के बड़े तेल भंडार तक अपनी पहुंच बनाना चाहता है. हालांकि, 2 जनवरी को वेनेजुएला ने यह भी कहा कि वह ड्रग स्मगलिंग को रोकने के लिए अमेरिका के साथ समझौते पर बातचीत के लिए तैयार है.

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी को स्किप करें

डीडब्ल्यू की टॉप स्टोरी

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें को स्किप करें

डीडब्ल्यू की और रिपोर्टें